गांव मानकावास में आयोजित सम्मेलन में शामिल सांसद व अन्य नेता।
चरखी दादरी। गांव मानकावास में कांग्रेस पार्टी का ब्लॉकस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्व विधायक राव दान सिंह ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। सम्मेलन में क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों की हितैषी रही है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। युवाओं के हाथों को काम देना है। सांसद ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब इस क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य हुए थे।
उन्होंने कहा कि उस दौरान जो बुनियादी ढांचा और विकास देखने को मिला था वैसा विकास आज तक इस क्षेत्र को नसीब नहीं हुआ है। इस दौरान लोहारू विधायक राजबीर फरटिया, प्रदीप नरवाल, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक धर्मपाल, भिवानी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, जिला अध्यक्ष सुशील, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सांगवान, सेवा दल अध्यक्ष जयभगवान मांढी मौजूद रहे।