जिला स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक और कोरोना संक्रमित की मौत होने की पुष्टि की है। दम तोड़ने वाला 78 वर्षीय संक्रमित बिलावल गांव से था और मौत के बाद उसकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में यह कोरोना से नौवीं मौत है। वहीं, शुक्रवार को 24 नए कोरोना पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं, जिसके बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 964 हो गई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि बिलावल निवासी 78 साल का बुजुर्ग गत 19 अक्तूबर को बीमार हुआ था। 24 अक्तूबर को परिजन उसे हिसार ले गए थे। यहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था। पीजीआई में उसका कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सूत्रों के अनुसार बुजुर्ग की मौत 25 अक्तूबर को हुई थी। 26 अक्तूबर को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत होने की पुष्टि की है। बता दें कि 78 वर्षीय बुजुर्ग से पहले जिले में दो पुरुषों और छह महिलाओं की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को जिले में मिले ये संक्रमित
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि शुक्रवार को 11 महिलाओं समेत 24 लोगों कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्होंने बताया कि घिकाड़ा रोड निवासी 38 साल का व्यक्ति, बधवाना गेट निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति, झज्जर रोड निवासी 60 साल की महिला, आदमपुर निवासी 43 साल की महिला, मौड़ी निवासी 33 साल की महिला, पुराना डाकखाना के समीप रहने वाला 27 साल का युवक, वार्ड-9 निवासी 46 साल का व्यक्ति और 40 साल की महिला, बिगोवा निवासी 32 साल का व्यक्ति, कबीर नगर निवासी 26 साल का युवक, रावलधी निवासी 30 साल की महिला, बौंदकलां निवासी 55 साल की महिला, रानीला निवासी 66 साल का व्यक्ति, शीशवाला निवासी 32 साल की महिला, बड़राई निवासी 24 साल की महिला औैर रविदास नगर निवासी 72 साल की महिला संक्रमित मिली है।