संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करवाने की विभिन्न योजनाओं पर जिला प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। इसके तहत ही स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए नौ कैंपस एंबेसडर नियुक्त किए हैं। उन्होंने वीरवार को आयोजित बैठक में स्वीप के तहत करवाई जा रही गतिविधियों की समीक्षा भी की।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न 9 शिक्षण संस्थानों में कैंपस एंबेसडर मनोनीत किए गए हैं। ये सभी एंबेसडर अपने संस्थान में मतदाता जागरुकता से संबंधित गतिविधियों करवाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए यह कार्यवाही की जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर के मार्गदर्शन में मतदाता जागरुकता अभियान की शुरुआत कर दी गई है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मास्टर ट्रेनर गांव-गांव जाकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं।
इन संस्थानों में नियुक्त किए एंबेसडर
दादरी, बौंद, कादमा, मांढी हरिया व बाढड़ा के राजकीय महाविद्यालय समेत एमएलआर सरस्वती काॅलेज दादरी, जनता काॅलेज दादरी, एपीजे काॅलेज दादरी व महिला महाविद्यालय झोझूकलां में कैंपस एंबेसडर नियुक्त किए गए हैं।
सेल्फी प्वाइंट और नुक्कड़ नाटक के जरिये लाई जाएगी जागरुकता
डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने कहा कि जिले में मानव चेन, सेल्फी प्वाइंट और नुक्कड़ नाटक के द्वारा भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस जागरुकता अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। अगर कोई जागरुकता अभियान के बारे में बेहतरीन सुझाव देना चाहता है तो वह चुनाव कार्यालय में संपर्क कर सकता है।