दस करोड़ की रंगदारी न देने पर क्रशर एसोसिएशन के प्रधान के प्रतिष्ठान और नई अनाज मंडी में फायरिंग करने के मामले में जिला पुलिस ने 9 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपियों के कब्जे से एक बाइक और दो पिस्तौल भी बरामद हुई हैं। इस मामले में अभी चार और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। वहीं, एसपी ने मामले में झोझूकलां थाने के एसएचओ को भी लाइन हाजिर किया है।
एसपी विनोद कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि गत आठ अक्तूबर को क्रशर एसोसिएशन प्रधान सोमबीर घसोला ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि 7 अक्तूबर को रोहित, मनीष, आनंद व कृष्ण फोरड अपने करीब 30 साथियों के साथ क्रशर जोन में आए और दस करोड़ की रंगदारी मांगी। आठ अक्तूबर को कलियाणा गांव में हुई बैठक में भी आरोपियों ने फायरिंग कर दहशत मचाई और हमले में एक व्यक्ति के पेट में गोली भी लगी। इस संबंध में पुलिस पहले ही रामभजन, राहुल, परीक्षित व विकास को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले के बाकी आरोपी फरार चल रहे थे, जिनमें से आठ को काबू कर लिया गया है।
बुधवार को पुलिस टीमों ने अलग-अलग जगहों से रोहित, हर्ष, सुनील, साहिल, राहुल, मोहित, अजय व विशाल समेत 8 आरोपियों को काबू किया है। इसके अलावा नई अनाज मंडी में फायरिंग करने के एक आरोपी को भी पुलिस ने काबू किया है। आरोपियों का कोरोना सैंपल लेने के बाद क्वारंटीन किया गया है। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पहले चार पुलिसकर्मी हो चुके निलंबित
नई अनाज मंडी में फायरिंग कर आरोपी आसानी से फरार हो गए थे, जबकि उस समय गेट पर चार पुलिसकर्मी भी तैनात थे। एसपी विनोद कुमार ने एक एचसी और दो ईएचसी समेत एक कांस्टेबल को तत्काल सस्पेंड कर दिया था। अब मामले में झोझूकलां थाना प्रभारी दलबीर सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। उनकी जगह एसआई नरेंद्र सिंह को कार्यवाहक एसएचओ लगाया गया है।
इन मुख्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में कृष्ण उर्फ फोरड, मनीष कलियाणा, संजय उर्फ भेडिया व आनंद की गिरफ्तारी होनी बाकी है। पुलिस की चार टीमें इनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
Nine accused of gang extortion seeking ten crore arrested- फोटो : CharkhiDadri