शहर में बनना है 33 केवीए क्षमता का नया पाॅवर सब स्टेशन, आपूर्ति में सुधार होने से 36 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में रेलवे रोड पर प्रस्तावित 33 केवीए क्षमता के नए पाॅवर सब स्टेशन निर्माण के लिए निर्धारित जगह पर बने क्वार्टर तोड़ दिए गए हैं। एचबीवीएन की यह जमीन अब खाली हो गई है। अब बिजली सब स्टेशन निर्माण का कार्य गति पकड़ सकेगा। वहीं, बिजली सब स्टेशन का निर्माण होने से आपूर्ति में सुधार होगा। इसका लाभ करीब 36 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा।
पिछले दिनों यह जमीन एचवीएन ने डीएचबीवीएन को जमीन हस्तांतरित कर दी थी। सब स्टेशन बनने से शहर में बिजली आपूर्ति में व्यापक स्तर पर सुधार आएगा। इस समय शहर में 12 फीडर के जरिये बिजली आपूर्ति की जा रही है।
दरअसल, शहर की कई कॉलोनियों में इस समय गांवों में बने पाॅवर सब स्टेशनों से बिजली आपूर्ति करनी पड़ रही है। इससे लाइनों में फॉल्ट जाते हैं। लाइन ब्रेक डाउन करने पर तो कई घंटे ठीक करने में लग जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी होती है। शहर के कॉलेज रोड, शंकर कॉलोनी, प्रेमनगर, दिल्ली रोड, ढाणी फाटक ओवरब्रिज व महेंद्रगढ़ रोड के क्षेत्र को गांव घसोला पाॅवर सब स्टेशन से जोड़ रखा है। इससे बिजली आपूर्ति में समय-समय पर व्यवधान बना रहता है।
इन कॉलोनियों के उपभोक्ताओं का तर्क है कि वे शहर के रेट पर बिजली बिल जमा करते हैं जबकि आपूर्ति गांवों से की जा रही है। गांवों से लंबी दूरी होने की वजह से लाइन में फॉल्ट आते रहते हैं।
- शहर को मिलेगा दूसरा पाॅवर सब स्टेशन
= शहर के रेलवे रोड पर मेन सब स्टेशन पहले से ही बना हुआ है। अब यहां 33 केवीए क्षमता का एक और पाॅवर सब स्टेशन बनना है। वैसे भी शहर का दायरा पिछले एक दशक में काफी बढ़ गया है। आवासीय कॉलोनियां भी बढ़ी हैं। जिला बनने के बाद सरकारी कार्यालयों में भी बिजली की खपत बढ़ी है। ऐसे में बिजली आपूर्ति में विस्तार करना जरूरी है।
वर्सन:
सब स्टेशन निर्माण के लिए चिह्नित जगह पर बने क्वार्टर तोड़े गए हैं। जल्द ही यह काम पूरा होना है। नया सब स्टेशन बनने से बिजली आपूर्ति में व्यापक सुधार आएगा।
-गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम
फोटो 20
रेलवे रोड स्थित पुराना पाॅवर सब स्टेशन। संवाद