शहर में इस समय हैं करीब 14 हजार पेयजल कनेक्शन, करीब 25 हजार किलोमीटर लंबी बिछेगी नई पेयजल लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जैसे ही शहर में पेयजल की नई लाइन बिछेगी, विभाग प्रत्येक वार्ड में तीन से चार जोन नए बनाएगा। इससे जोन की संख्या बढ़ जाएगी और पानी का दबाव सामान्य हो जाएगा। समान रूप से वितरण हो सकेगा। विभाग के पेयजल के 115 करोड़ के प्रोजेक्ट के तहत यह कार्य भी पूरा होना है। आज तक कई भागों में पेयजल की लाइनें नहीं हैं। शहर में इस समय करीब 14 हजार पेयजल कनेक्शन हैं।
इस समय एक गली में 20 से 25 कनेक्शन लगे हैं। इससे पूरी लाइन में जगह-जगह कनेक्शन पाइपलाइनों में कट लगे हुए हैं। कोई न कोई कनेक्शन लीकेज कर ही जाता है। अब विभाग पानी का प्रेशर बढ़ाने की दिशा में भी काम करेगा। शहर में पेयजल आपूर्ति में सुधार के लिए विभाग ने 115 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर रखा है।
इसके तहत जलघरों में बने टैंकों की भंडारण क्षमता बढ़ाई जानी है। ताकि, पानी की किल्लत न होने पाए। इस प्रोजेक्ट के तहत नगर से सटते गांव घिकाड़ा में बने जलघर की क्षमता बढ़ाकर शहर में आपूर्ति की जानी है। इससे शहर के करीब 35 प्रतिशत एरिया में आपूर्ति हो सकेगी।
इसी प्रकार, मेन चंपापुरी व रामनगर जलघरों की भंडारण क्षमता भी बढ़ाई जानी है। यहां बने टैंकों का साइज बढ़ाया जाएगा। ताकि, पानी ज्यादा मात्रा में स्टोर हो सके और नहरी पानी के टर्न आनेे तक किल्लत न होने पाए।
इस प्रोजेक्ट के तहत मेन लाइनों के साथ-साथ छोटी लाइनें बिछाई जाएंगी। ताकि, मेन लाइनों में लोग कनेक्शन न कर सकें। पानी अंतिम छोर तक पहुंच सके। नई लाइनें बिछाए जाने से समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा जलघरों में पानी शुद्धिकरण के लिए भी विशेष प्लांट तैयार होगा। ताकि, जलघर से ही शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा सके। जलघरों में नई मोटरें भी लगाई जाएंगी। ताकि, पानी उठान की क्षमता बढ़ सके।
अब विभाग ने शहर के प्रत्येक वार्ड में तीन से चार जोन बढ़ाने का फैसला लिया है। यह तब शुरू होगा, जब नई लाइनें बिछेंगी। जोन की संख्या बढ़ने पर पानी का प्रेशर सामान्य हो जाएगा। इस समय शहर के कई भागों में जोन का एरिया का काफी बड़ा होने की वजह से पानी का दबाव कम बना हुआ है।
वर्जन
शहर के प्रत्येक वार्ड में कम से कम तीन जोन नए बनाए जाएंगे। ताकि, पानी का दबाव बढ़ जाए। पानी का समान रूप से वितरण किया जाएगा। जून माह तक यह प्रोजेक्ट पूरा करने की योजना है। काम तेजी से चल रहा है।
-धीरेंद्र सांगवान, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
फोटो 16 शहर का जलघर। स्रोत : संवाद
फोटो 17 पेयजल लाइन के लिए चिड़िया मोड़ पर रखे पाइप। स्रोत : संवाद