एक घंटे की डीसी बनीं डॉक्टर नेहा दत्तिक कैंप ऑफिस में कुर्सी पर बैठीं हुईं और सामने विजिटर कुर्सी
- फोटो : CharkhiDadri
महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहन देते हुए उपायुक्त राजेश जोगपाल ने कैप्टन जिले सिंह अकादमी की प्राचार्य डॉ. नेहा दत्तिक को एक घंटे के लिए दादरी का डीसी बनाया। उन्होंने प्राचार्य को सम्मान के साथ अपनी कुर्सी दी और जिला में कुछ नए आदेश जारी करने को कहा। नेहा दत्तिक ने सबसे पहले ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने पर चर्चा की और इसके बाद स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं को और बेहतर करने पर बल दिया।
डॉ. नेहा दत्तिक ने उपायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक आईएएस अफसर बनना उनके जीवन का अमूल्य सपना था, जो कि पूरा नहीं हो सका है। उनकी यह तमन्ना रही है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में आकर वे आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने और देश का विकास करवाने में अपना योगदान दें। उपायुक्त राजेश जोगपाल ने डॉ. नेहा को आश्वस्त किया कि वे अब एक घंटा के लिए दादरी की डीसी हैं और जो भी निर्देश पारित करेंगी, उनका पालन करवाया जाएगा।
उपायुक्त बनने के बाद डॉ. नेहा दत्तिक ने यातायात व्यवस्था को सुधारने के बारे में कहा। इस पर टेबल पर रखे जिला के ट्रैफिक प्लान को उपायुक्त ने डा. नेहा को सौंप दिया और कहा कि वे इसे पढ़कर सुझाव दे सकती हैं, जिन्हें अमल में लाया जाएगा। इसके बाद डॉ. नेहा ने जिला की चिकित्सा व्यवस्था, शैक्षणिक व्यवस्था में बदलाव के लिए सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों का और कुशल बनाना जरूरी है। जिससे कि हर मां-बाप अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने को तैयार हो।