चरखी दादरी। दादरी जिले में सड़क सुरक्षा की स्थिति दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। आए दिन बड़े हादसे देखने को मिल रहे हैं। दादरी जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने की समस्या गंभीर है। आरटीए और हाईवे अथॉरिटी के सख्त निर्देशों के बावजूद नियमों की लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण शहर के ऑटो मार्केट और फोरलेन सड़कों पर खड़े रहने वाले वाहन हैं, जिनके कारण फोरलेन हाईवे टू लेन का बच जाता है और यातायात लगातार बाधित होता है।
ऑटो मार्केट में हालात खराब
शहर के ऑटो मार्केट में हालात सबसे अधिक खराब है। यहां सड़क के किनारे मरम्मत, धुलाई या बिक्री के लिए वाहनों को फोरलेन रोड पर ही खड़ा कर दिया जाता है। इससे चार लेन की सड़क महज डबल लेन में बदल जाती है और वाहन चालकों को ओवरटेकिंग व क्रॉसिंग में परेशानी होती है। कई बार इसी वजह से दो वाहन आमने-सामने या पीछे से टकरा चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए हैं।
334बी पर कदम-कदम पर खड़े रहते है वाहन
दादरी जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 334बी पर वाहन खड़ा करने के लिए निर्धारित जगह नहीं है, फिर भी चालक लापरवाही से सड़क के बीच या किनारे अपने वाहन रोक देते हैं। कई बार ट्रक और ट्रैक्टर सड़क के मोड़ के हिस्सों पर बिना चेतावनी निशान के खड़े मिल जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना दोगुनी हो जाती है। कुछ चालकों की मानसिकता होती है कि दो मिनट के लिए गाड़ी खड़ी की है, क्या फर्क पड़ता है, लेकिन यही दो मिनट किसी और के लिए जानलेवा साबित हो जाती है।
रफ्तार के बजाय हादसे ज्यादा
फोरलेन और नेशनल हाईवे का उद्देश्य तेज, सुरक्षित और सुचारू यातायात है, लेकिन दादरी में यह व्यवस्था उलट दिख रही है। बिना पार्किंग मॉडल वाला विकास और कमजोर प्रशासनिक निगरानी सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध लागू करे और ऑटो मार्केट में अलग पार्किंग जोन बनाकर फोरलेन सड़कों को फ्री किया जाए। साथ ही, बिना रिफ्लेक्टर खड़े वाहनों पर भारी चालान और दोबारा गलती पर वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाए।
वर्जन:
जल्द ही आरटीए के साथ मिलकर सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के चालान किए जाएंगे। जहां कहीं भी वाहन खड़े मिले, उसकी फोटो आरटीओ को भेजी जाएगी और आटीओ उसका चालान करेगा। इस योजना पर काम चल रहा है। महेंद्रगढ़ में इस प्रकार से चालन हो रहे है, जल्द दादरी में शुरू किए जाएंगे।- अंकित अभिषेक, साइट इंजीनियर, एनएचएआई।