चरखी दादरी। जिले में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। इसका मुख्य कारण लोगों द्वारा लापरवाही बरतना है। अमर उजाला पड़ताल में सामने आया कि बाजारों में आने वाले लोग ही नहीं, बल्कि संक्रमित भी कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार केवल अप्रैल के 15 दिनों की बात करें तो 179 संक्रमितों के संपर्क में 2038 लोग आए हैं। इनमें से चार प्रतिशत लोग संक्रमित भी मिल चुके हैं, जबकि 900 से अधिक सैंपल की रिपोर्ट अभी लंबित हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों का आंकड़ा फरवरी और मार्च के मुकाबले अप्रैल में आठ गुना तेजी से बढ़ा है।
फरवरी में जिला कोरोना मुक्त घोषित हो गया था। इससे पहले विभाग ने उन्हीं संक्रमितों को यहां रखा था, जिनके घर आइसोलेशन की गाइडलाइन के पालन के प्रबंध नहीं मिले। मार्च से कोरोना का प्रकोप दोबारा बढ़ गया है और अप्रैल में तो इसने गति पकड़ ली है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण में भी सामने आया कि होम आइसोलेशन पीरियड में संक्रमित गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे।
मार्च 2020 से 15 अप्रैल 2021 के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में 1733 संक्रमित मिले हैं। इन संक्रमितों के संपर्क में 17350 लोग आ चुके हैं। जिले के कोरोना मुक्त होने पर एक फरवरी तक संक्रमितों की संख्या 1516 थी, जबकि उनके संपर्क में 15045 लोग आए थे। वहीं, 31 मार्च तक जिले में संक्रमितों की संख्या 1520 हो गई और संपर्क में आने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 15082 पहुंच गया। अब अगर अप्रैल की बात करें तो संक्रमितों और संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 15 अप्रैल तक जिले में संक्रमितों की संख्या 1733 और संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या 17350 पहुंच चुकी है।
दस की बजाय अब 15 लोगों के विभाग ले रहा सैंपल
कोरोना संक्रमितों के संपर्क में कई लोग आ रहे हैं और इस बात से स्वास्थ्य विभाग भी भली-भांति परिचित है। संपर्क में आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग ने जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है। पिछले साल जहां एक संक्रमित मिलने पर दस लोगों के सैंपल लिए जा रहे थे। अब इस संख्या को बढ़ाकर 15 कर दिया गया है।
जानिए... तीन माह में कैसे तेजी से बढ़ी संक्रमितों और संपर्क में आए लोगों की संख्या
माह - संक्रमित - संपर्क में आए लोग
फरवरी- 04- 37
मार्च - 34- 280
अप्रैल (15 तक)- 179- 2038
-------
एक्सपर्ट व्यू :
गाइडलाइन की अनदेखी कर खुद व दूसरों की सेहत से न करें खिलवाड़ : डॉ. गौरव
जिला कोरोना नोडल अधिकारी डॉक्टर गौरव भारद्वाज ने बताया कि लापरवाही ही जिले में कोरोना संक्रमण के दोबारा फैलने का मूल कारण है। संक्रमितों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है। लोगों से अपील है कि वे सजगता और सतर्कता बरतें। होम आइसोलेशन पीरियड का संक्रमित सही से पालन करें। गाइडलाइन की अवहेलना कर अपनी और दूसरों की सेहत के साथ खिलवाड़ न करें।