चरखी दादरी। शहर में बनी ओवरफ्लो सीवर और पेयजल समस्याओं को लेकर सोमवार सुबह पार्षदों ने डीसी प्रीति से मुलाकात की। पार्षदों के एक के बाद एक समस्याएं रखने से डीसी का पारा हाई हो गया। इस पर उन्होंने एसडीएम से कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ धारा 133 के तहत केस दर्ज करवाकर एक माह के लिए इन्हें जेल भेज दो। साथ ही डीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर वार्ड वाइज सीवर-पेयजल समस्याओं का ब्योरा सौंपने का आदेश भी दिया।
सोमवार सुबह 11 बजे डीसी प्रीति से मुलाकात करने के लिए 20 पार्षद लघु सचिवालय पहुंचे। वहीं, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, ईओ राजेश वर्मा और जेई भी बैठक में मौजूद रहे। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक्सईएन आरसी गौड़ समेत एसडीओ व जेई भी बैठक कक्ष में मौजूद रहे। करीब डेढ़ घंटे तक डीसी ने पार्षदों से एक-एक कर उनके वार्ड की समस्याएं सुनीं। लगातार पेयजल और सीवर समस्याएं सामने आने के बाद डीसी जन स्वास्थ्य विभाग से खफा नजर आईं। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को रवैया सुधारने की चेतावनी भी दी।
ये रही पार्षदों की शिकायतें
- मीटिंग में वार्ड 14 से पार्षद सतबीर चौहान ने डीसी के समक्ष मांग रखतेे हुए कहा कि सीवर ठप होने के चलते उनके क्षेत्र में घरों में दूषित पानी घुस रहा है। लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
- इसी प्रकार वार्ड 6 से पार्षद नवीन बिंदल ने शिकायत में कहा कि वैश्य स्कूल के समीप सीवर व्यवस्था ठप है जिससे स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवर बैक मार रहे हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
- वार्ड 13 से पार्षद कुलदीप सैनी ने कहा कि गोशाला से हीरा चौक तक सीवर व्यवस्था ठप पड़ी है। पार्षद ने कहा कि वह खुद सीवर के पंप एवं मोटर चलाने व बंद को मजबूर है। अधिकारी सुनते ही नहीं हैं।
- वार्ड 19 से पार्षद अजय कुमार ने घिकाड़ा रोड पर ठप सीवर लाइन की मांग उठाई। पार्षद ने कहा कि कुछ मैनहोल साफ कर काम बीच में ही छोड़ दिया गया है। लोग परेशान हैं।
- वार्ड 1 से पार्षद जय सिंह लांबा ने कहा कि सीसीआई परिसर में भरे दूषित पानी से आसपास की बस्ती के लोग परेशान हैं। दिन भर दुर्गंध बनी रहती है।
- वार्ड 11 से पार्षद विनोद ने कहा कि सीवर लाइन ठप होने पर घरों में पानी घुस रहा है। अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद की बैठक बुलाने की भी मांग की।
- एसडीएम को दिए जलभराव क्षेत्रों का दौरा करने के आदेश
बैठक में उपायुक्त प्रीति ने वार्ड वाइज प्रत्येक पार्षद से वार्ड की समस्या जानी और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे पूरे शहर का दौरा कर सीवरेज व पेयजल की वार्ड वाइज समस्याओं का पूरा ब्योरा अगले 24 घंटों में उनके कार्यालय में लेकर आएं। उपायुक्त ने एसडीएम नवीन कुमार को भी शहर के जलभराव वाले वार्डों का दौरा कर जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करवाने के निर्देश दिए।
- प्रतिदिन काम की होगी समीक्षा
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को साप्ताहिक टारगेट देकर सीवरेज समस्या का समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किए गए कार्यों का वे खुद प्रतिदिन रिव्यू करेंगी। एसडीएम और नगराधीश भी सभी वार्डों का समय-समय पर दौरा कर सीवरेज व पेयजल की आपूर्ति पर नजर रखेंगे। उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि उनके द्वारा सीवरेज की समस्या के समाधान के लिए तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का पूरा विवरण मंगलवार को उनके कार्यालय में लेकर आएं।
- पार्षद प्रतिनिधियों से बोलीं डीसी: भविष्य में बैठक में महिला पार्षद ही पहुंचे
उपायुक्त प्रीति ने महिला पार्षदों की जगह उनके प्रतिनिधियों के बैठक में पहुंचने पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर आपको ही वार्ड की बागड़ोर संभालनी थी तो पत्नी की जगह आप ही चुनाव लड़ लेते। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाली बैठक में महिला पार्षद ही पहुंचे, न की प्रतिनिधि।
बैठक में एकमात्र महिला पार्षद अन्नु रानी पहुंची
शहर में कुल 8 महिला पार्षद हैं। बैठक में इनमें से वार्ड 18 से पार्षद अन्नु रानी पहुंची। अन्य 7 महिला पार्षदों की जगह उनके प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे।