फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: पुलिसकर्मी ने बहन के ससुराल में बरसाईं गोलियां, चाचा ससुर की हत्या

Sat, 29 Jun 2024 04:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
 जामस्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी खेमे से बातचीत करते सदर थाना प्रभारी तेजपाल सोनी। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। गांव घसौला में शुक्रवार तड़के करीब पौने तीन बजे दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही ने अपनी बहन के ससुराल पहुंचकर जीजा और उसके परिजनों पर कार्बाइन से करीब 35 गोलियां चलाईं। आठ गोलियां लगने से बहन के चाचा ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ससुर, दादी सास और देवर घायल हैं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। गोलियां चलने की आवाज सुनकर पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घायलों व शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आरोपी साकेत की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक घसौला निवासी रजत पुत्र सुरेंद्र की शादी दिसंबर 2023 में गांव गोपालवास निवासी आशा से हुई थी। शादी से पहले आशा के परिजनों को वर पक्ष के लोगों ने रजत के सरकारी नौकरी में होने की बात कही थी। कुछ दिनों बाद आशा के परिवार वालों को पता चला कि रजत सरकारी नौकरी में नहीं हैं। दिल्ली पुलिस में तैनात आशा का भाई साकेत (22) इससे खफा था। उसने झूठ बोलकर शादी करने पर रजत को जान से मारने की धमकी दी थी। वह शुक्रवार तड़के करीब 2:45 बजे घसौला पहुंचा।
पड़ोसी के घर के जरिये किसी तरह रजत के घर की छत पर पहुंच कर अंदर उतर गया। घर के अंदर साकेत ने एक कमरे के दरवाजे पर गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर अंदर सो रहा रजत डर के मारे पीछे से रेलिंग फांदकर अपने दूसरे घर में चला गया। यह देख साकेत भी उस घर में पहुंच गया और वहां अंधाधुंध गोलियां चलाईं। शोर सुनकर रजत के चाचा छोटेलाल (58), दादी शकुंतला, पिता सुरेंद्र व चचेरा भाई शिवम जैसे ही जगे, साकेत ने उनकी और फायरिंग कर दी।
विज्ञापन

गोलियां लगने से छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई, वही अन्य तीनों घायल हो गए। रजत का किसी तरह बचाव हो गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शकुंतला, सुरेंद्र और शिवम को दादरी के अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक रेफर कर दिया। छोटेलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। सदर थाना पुलिस ने रजत की रिपोर्ट पर साकेत और उसके चार दोस्तों अटेली निवासी हिमांशु, सजदूला निवासी मामा मुरारी, चचेरे भाई पवन और नावां निवासी सोनू पर हत्या का केस दर्ज किया है।
कारतूस और खोल मिले
सिपाही साकेत ने सरकारी कार्बाइन से वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद करीब 3:10 बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने मौके से दो कारतूस और कई खोल बरामद किए हैं। मौके पर जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने करीब 35 गोलियां चलाने का खुलासा किया है।

नूंह निवासी चालक से कार्बाइन के बल पर छीनी कैब
साकेत की तैनाती दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन पर है। वह कैब के जरिए घसौला पहुंचा। घसौला के बाहरी क्षेत्र में पहुंचने पर उसने चालक पर कार्बाइन तान दी और नीचे उतार दिया। इसके बाद खुद कैब लेकर बहन के घर पहुंचा। कैब चालक नूंह जिले के सिरौली गांव निवासी शाकिब ने पुलिस को गन प्वाइंट पर कैब छीनने की सूचना दी। इसके करीब 20 मिनट बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। जाते वक्त कैब वहीं छोड़ गया।


पुलिस ने साकेत सहित पांच नामजदों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी दिल्ली पुलिस में सिपाही है और करीब एक साल पहले ही उसने नौकरी ज्वाइन की थी। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। - सुभाषचंद्र, डीएसपी, दादरी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें