हरियाणा के चरखी दादरी के गांव घिकाड़ा में बच्ची पर स्कूली बस चढ़ने से चरखी स्थित ग्रीन मिडोज स्कूल में शुक्रवार सुबह विवाद हो गया। चरखी निवासी दो आरोपियों पर विवाद में फतेहगढ़ निवासी युवक पर चाकू घोंप कर हत्या करने का आरोप है। घायल युवक नवीन की रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में घिकाड़ा सरपंच की शिकायत पर स्कूल संचालक समेत चार पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में घिकाड़ा सरपंच विपिन कुमार ने बताया कि उसका बेटा प्रतीक चरखी स्थित ग्रीन मिडोज स्कूल में पढ़ता है। शुक्रवार सुबह उसके बेटे को लेने के लिए स्कूल की बस आई थी। पत्नी बेटे को स्कूल बस तक छोड़ने के लिए गई। पत्नी के साथ बेटी लक्षित भी थी। पत्नी ने बेटे को स्कूल बस में बैठा दिया और चालक ने लापरवाही दिखाते हुए बस चला दी, जिससे बेटी लक्षित बस की चपेट में आ गई और बेटी घायल हो गई।
सरपंच के अनुसार बाद में उन्होंने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और इसके बाद दोस्तों को फोन किया। कुछ दोस्त घिकाड़ा के थे जबकि धर्मबीर उर्फ नवीन, अमित, साहिल आदि फतेहगढ़ गांव के थे। इसके बाद वो दोस्तों को लेकर ग्रीन मिडोज स्कूल पहुंच गया।
स्कूल संचालक पर गांव से लोग बुलाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि स्कूल पहुंचकर जब उन्होंने घटना के संबंध में स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ की तो स्कूल संचालक योगेंद्र व सुरेश ने अपने गांव वालों को साजिश के तहत बुला लिया। वहां भटू, कन्नी उर्फ कर्मबीर पहुंचे और कर्मबीर के पास चाकू था।
एक ने पकड़ा और दूसरे ने घोंपा चाकू
घिकाड़ा सरपंच विपिन ने पुलिस शिकायत में बताया कि उनके साथ स्कूल पहुंचे नवीन को भटू ने पकड़ लिया जबकि कर्मबीर ने अचानक उसके पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद नवीन बेहोश हो गया और आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। नवीन को शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया और वहां से उसे रेफर किया गया। रोहतक के एक अस्पताल में उपचार के दौरान नवीन ने दम तोड़ दिया।
देर शाम मृतक का हुआ पोस्टमार्टम
सदर थाना पुलिस सुबह से शाम तक इस मामले में उलझी रही। पुलिस ने मृतक नवीन का रोहतक में पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद देर शाम फतेहगढ़ गांव में अंतिम संस्कार कराया गया। करीब साढ़े सात बजे कार्रवाई पूरी कर पुलिस टीम सदर थाने में पहुंची।
क्या बोली पुलिस
दादरी सदर डीएसपी सुभाषचंद्र ने कहा कि घिकाड़ा सरपंच विपिन की शिकायत पर पुलिस ने ग्रीन मिडोज स्कूल के संचालक समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।