प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेते सांसद चौ धर्मबीर सिंह।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं एवं लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और लंबित परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
सांसद ने वर्ष 2014 से लेकर अब तक क्षेत्र में स्वीकृत, जारी एवं लंबित पड़े सभी सार्वजनिक विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने अधिकारियों को एक निश्चित प्रारूप में निम्नलिखित बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में स्वीकृत योजनाओं का ब्योरा और अब तक खर्च की गई कुल राशि, कार्यों के लिए उपलब्ध बजट तथा अतिरिक्त वित्तीय आवश्यकता की स्थिति, कौन-कौन से कार्य पूर्ण हो चुके हैं और कौन से लंबित हैं यदि कार्य अधूरा या लंबित है, तो उसका स्पष्ट कारण जैसे प्रशासनिक देरी, बजट की कमी, ठेकेदार की लापरवाही आदि सहित विभागीय कार्यों में गति लाने और भविष्य की बाधाओं को दूर करने को लेकर आवश्यक सुझाव भी शामिल करें।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता का पैसा सही स्थान पर और सही समय पर उपयोग होना चाहिए। जो परियोजनाएं लंबे समय से अधर में लटकी हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करें ताकि किसी भी प्रशासनिक अड़चन के कारण विकास कार्य न रुकें। चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय अवधि के भीतर पूरे किए जाएं। कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र व राज्य सरकार जरूरतमंद लोगों की भलाई के लिए अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि योजनाओं को लाभ पंक्ति में अंतिम स्थान पर खड़े जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से जनता की समस्याओं को सुनें और धरातल पर जाकर उनका निवारण करें।