घायल पक्ष के बयान पर सदर थाना पुलिस ने 9 आरोपियों पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव लोहरवाड़ा में घर के पास बैठे एक युवक के साथ कुछ बाइक सवार युवकों ने गाली-गलौज की और मारपीट कर मारने की धमकी दी है। अब घायल के बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने 9 लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में दीपक ने बताया कि वह खेती करता है। 14 मार्च को वह घर के गेट के पास बैठा था। उसी समय गांव निवासी दो लड़के बाइक लेकर वहां से जा रहे थे। वे उसे देखकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने आगे जाकर बाइक रोक ली।
दीपक ने गाली देने का कारण पूछा तो उससे झगड़ा करने लगे। इसी दौरान एक कार सवार कुछ अन्य युवक भी वहां गए और मारपीट करने लगे। वह बचकर घर के पास आया, लेकिन, आरोपियों ने वहां पर डंडे और मुक्के मारे। इसके बाद उसकी मां ने उसका बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापाई की।
इसके बाद आरोपी उन्हें मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। दोनों ने नागरिक अस्पताल में अपना उपचार कराया और अब पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।