इमलोटा के रेडर को दबोचने का प्रयास करता आदमपुर के खिलाड़ी।
चरखी दादरी। रेलवे रोड स्थित कबड्डी एकेडमी में रविवार को जिला स्तरीय जूनियर व सीनियर कबड्डी स्पर्धा आयोजित की गई। लड़कों के जूनियर वर्ग में मोरवाला की टीम विजेता और आदमपुर की टीम उप-विजेता रही। वहीं, लड़कियों के वर्ग में आदमपुर विजेता व बलाली की टीम उप विजेता बनी।
लड़कों के सीनियर वर्ग में आदमपुर की टीम विजेता रही जबकि इमलोटा की टीम उप विजेता रही। लड़कियों के सीनियर वर्ग में आदमपुर विजेता व बलाली की टीम दूसरे नंबर पर रही। जिला कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव योगेश इमलोटा ने बताया कि सभी मुकाबले दादरी नगर के दर्शन कबड्डी क्लब के खेल मैदान में खेले गए। स्पर्धा के दौरान लड़कों के वर्ग में नौ टीमों और लड़कियों के वर्ग में पांच टीमों ने पूरे जिले से भाग लिया। ज्यादातर मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। लड़कों के जूनियर वर्ग में आदमपुर और मोरवाला के बीच फाइनल खेला गया। इस मैच में मोरवाला ने 47 और आदमपुर ने 52 अंक अर्जित किए और 5 अंक के अंतर से मोरवाला ने मुकाबला जीता। लड़कियों के जूनियर वर्ग में निर्णायक मुकाबला आदमपुर और बलाली के बीच हुआ जिसमें आदमपुर ने 37 और बलाली ने 27 अंक प्राप्त किए। यह मुकाबला आदमपुर ने 10 अंक की बढ़त लेकर अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ टारगेट स्पोर्ट्स डायरेक्टर शिव कुमार जिंदल ने करवाया। इस दौरान ध्यानचंद अवॉर्डी विकास कोच, प्रवीन कोच, राजेश आदमपुर, बुधराम बलाली, विजेश जांगडा, मनदीप धनखड़, नवीन कन्हेटी, संदीप, रमेश मास्टर, सतीश नंबरदार, राकेश, नवनीत, रवि आदि उपस्थित रहे।
- राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए चुनी गई टीम
योगेश इमलोटा ने बताया कि स्पर्धा के प्रदर्शन के आधार पर 17 व 18 फरवरी को जींद के उचाना मंडी में होने वाली राज्यस्तरीय जूनियर वर्ग की टीमों का चयन किया गया। आगामी स्पर्धा में चयनित टीम दादरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।