राहुल गांधी की जनसभा के दौरान मंच पर बातचीत करते राव दान सिंह और किरण चौधरी।
चरखी दादरी। राहुल गांधी की जनसभा के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस बल सतर्क रहा। जनसभा स्थल के समीप सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और एनएच 148-बी पुलिस छावनी में तबदील हो गया। राहुल गांधी का काफिला वापस जाने तक इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
सुबह करीब 10 बजे लोग महेंद्रगढ़ रोड स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए। इसके मद्देनजर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई। महेंद्रगढ़ चौक से लेकर आयोजन स्थल तक करीब दो किलोमीटर की दूरी में बैरिकेड्स लगाए गए। पुलिस कर्मचारियों ने महेंद्रगढ़ की तरफ जाने वाले वाहनों को रुकवा लिया और उन्हें एनएच 152-डी के जरिये महेंद्रगढ़ या नारनौल की तरफ भेजा।
दोपहर 1:08 मिनट पर राहुल गांधी का काफिला जनसभा स्थल पर पहुंचा। करीब 35 मिनट तक राहुल गांधी यहां रुके और उसके बाद बलिदान स्टेडियम से हेलिकॉप्टर में बैठकर सोनीपत चले गए। राहुल गांधी के जनसभा स्थल से निकलने के एक घंटे बाद तक एनएच 148-बी पर जाम लगा रहा। इसके मद्देनजर पुलिस ने जनसभा खत्म होने के बाद भी महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहनों को रोक कर रखा।
पार्किंग स्थल पड़ा नीचा, धंस गईं गाड़ियां
जनसभा स्थल से ठीक सामने वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई। सुबह के समय पुलिस जवानों ने वाहनों को सड़क से करीब सात फुट नीचे खाली खेत में खड़ा करवा दिया। सैंकड़ों गाड़ियां पार्किंग में खड़ी हुईं। जनसभा खत्म होने के बाद चालक जब पार्किंग से मुख्यमार्ग तक गाड़ी लाने लगे तो मिट्टी और गड्ढे होने के चलते गाड़ियां बीच में फंस गईं। इन गाड़ियों को वहां मौजूद लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला।
राहुल गांधी जाने लगे तो सड़क पर दोनों तरफ खड़े हो गए लोग
जनसभा खत्म करने के बाद राहुल गांधी गाड़ियों के काफिले के साथ बलिदान स्टेडियम तक पहुंचे। उनकी एक झलक पाने को लोग सड़क पर ही दोनों तरफ खड़े हो गए। ऐसे में राहुल गांधी का काफिला निकलवाने के लिए पुलिस जवानों को मशक्कत करनी पड़ी।