फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: मोदी-योगी पिचकारी और जयपुर के गुलाल से सजा बाजार

Tue, 11 Mar 2025 12:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी बस स्टैंड रोड पर रंग व गुलाल की दुकान से खरीददारी करते ग्राहक। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। होली पर्व के नजदीक आने के साथ ही बाजारों में गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सजनी शुरू हो गई हैं। इस बार नरेंद्र मोदी-योगी आदित्यनाथ के स्टीकर लगीं पिचकारियों की मांग अधिक रहेगी। वहीं, जयपुर का गुलाल फाग पर आकर्षण का केंद्र रहेगा।
विज्ञापन

दुकानदारों का कहना है कि इस बार रंग, गुलाल व अन्य सामान का व्यापार एक करोड़ रुपये से अधिक के होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फिलहाल दुकानों में काम कम चल रहा है। 12 मार्च से दुकानों में पांव रखने की भी जगह नहीं मिलेगी। इस पर्व पर शहर में लगभग 90 क्विंटल तक गुलाल बिकने की संभावना है।
होली पर्व को लेकर इन दिनों बाजारों में भगवान भोले नाथ का त्रिशूल, डमरू, भगवान परशुराम का अस्त्र फरसा, मोदी-योगी की तस्वीर वाली पिचकारियों की धूम होने वाली है। बाजार में 20 रुपये से 2000 रुपये तक की कीमत वाली पिचकारियां उपलब्ध हैं।
विज्ञापन

वहीं, जयपुर से निर्मित विशेष गुलाल के अलावा बच्चों और युवाओं के लिए मुखौटे विशेष तौर पर मंगवाए गए हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछली बार होली माह के अंत में होने के कारण बाजार मंदा ही रहा था, लेकिन, इस बार माह के मध्यम में होने के कारण कारोबार पिछले साल की अपेक्षा अच्छा होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार होली खेलने के लिए केमिकल मुक्त गुलाल ही मंगवाया गया है, ताकि, होली खेलने के दौरान किसी प्रकार की एलर्जी होने की आशंका न हो।
ये पिचकारियां करेंगी आकर्षित
बाजार में वैसे तो छोटी व बड़े आकार की पिचकारियों की अच्छी बिक्री होने की संभावना है, लेकिन, इस बार मोदी-योगी की तस्वीर वाली, त्रिशूल-डमरू, परसा, हथौड़ा, गन, गुलाल सिलिंडर, प्रेशर युक्त बंदूक, बेलन, सिगरेट आदि डिजाइनों में बनीं पिचकारियां ग्राहकों के आकर्षण की केंद्र रहेंगी।

इन ब्रांड के गुलाल हैं उपलब्ध
होली पर्व के लिए इस बार बिना केमिकल वाला हर्बल गुलाल, मुर्गा ब्रांड, रोज ब्रांड के अलावा जयपुर से निर्मित गुलाल ही बिक्री के लिए दुकानदार लेकर आए हैं। पर्व पर हरा, गुलाबी, पीला, केसरिया व लाल रंग के गुलाल की अधिक बिक्री होती है।
बाजार में लगती हैं 80 से अधिक दुकानें
होली पर्व पर शहर के अनेक क्षेत्रों में रंग, गुलाल के अलावा होली संबंधी सामान की 80 से अधिक दुकानें लगाई जाती हैं। दुकानदारों ने बताया कि पर्व पर प्रति दुकान डेढ़ क्विंटल तक गुलाल की बिक्री हो जाती है। वहीं, इसके साथ ही अनेक प्रकार के मुखौटे और रंगीन हेयर विग की भी अच्छी खासी बिक्री होती है।
दुकानदार बोले- त्वचा के लिए हानिकारक गुलाल नहीं बेचेंगे
- इस बार पर्व को लेकर ग्राहकों की सेहत का विशेष ख्याल रखा गया है। बाजार में सभी दुकानों पर हर्बल और अरारोट से बना गुलाल मंगवाया गया है। इसमें केमिकल की मात्रा बिलकुल भी नहीं है।
-महेश सैनी, दुकानदार
- बाजार में पहली बार पहुंची मोदी-योगी की तस्वीर छपी पिचकारी की अच्छी खरीद होने की संभावना है। पिचकारी की कीमत भी 100 से 300 रुपये तक ही है जो आम ग्राहक के लिए ज्यादा नहीं है।
विज्ञापन

-नरेश कुमार, दुकानदार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें