अमर उजाला लाइव:
विधायक सुनील सांगवान ने 4 गांवों में जनता दरबार लगाकर सुनीं समस्याएं, बौंदकलां में बुजुर्ग ने हरियाणवी लहजे में बयां किया अपना दर्द
- विधायक की अधिकारियों को चेतावनी : जनता से करें सभ्य व्यवहार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/बौंदकलां। म्हारै गाम कै जोहड़ में पाणी की समस्या सै। समाधान खातर अफसर धौरे जावां तो वो ऑफिस से तै बाहर लिकाड़ दै सै। बौंदकलां में आयोजित जनता दरबार में विधायक सुनील सांगवान के समक्ष यह दर्द एक बुजुर्ग ने रखा। इस पर संज्ञान लेकर विधायक ने पंचायत विभाग को एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
विधायक सुनील सांगवान ने शुक्रवार को चार गांवों में जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। सुबह 11 बजे विधायक सुनील सांगवान बौंदकलां गांव में पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें एक शिकायत बीडीपीओ के खिलाफ रही। इसमें ग्रामीण ने कहा कि उनके कलाला जोहड़ में पानी के लिए विभाग की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। न ही विभाग की ओर से यहां पानी के लिए नाला बनाया गया है।
फरियादी ने कहा कि जोहड़ की जमीन पर कब्जा भी किया हुआ है। किसान उसे नाके भी नहीं लगाने देते। वह समाधान के लिए बीडीओ के पास जाता है तो बीडीओ उसे धमकाकर कार्यालय से बाहर निकाल देते हैं। वह तीन माह से कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन, अब तक समाधान नहीं हुआ।
- विधायक बोले : बीडीपीओ साहब काम हो या न हो, व्यवहार तो ठीक हो
फरियादी की समस्या सुनने के बाद विधायक ने कहा कि बीडीपीओ साहब फरियादी का काम हो या न हो, यह अलग विषय है। कार्यालय में अगर कोई समस्या लेकर आता है तो उसके साथ व्यवहार तो कम से कम ठीक होना चाहिए। इस पर बीडीपीओ ने कहा कि सर मैंने सही व्यवहार ही किया था।
- जिला परिषद सीईओ को दिए जांंच के आदेश
ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क के निर्माण का भी मुद्दा उठाया। इसमें विधायक ने जनवरी से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाकर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा प्रजापत समाज की ओर से धर्मशाला निर्माण में समझौता कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने उनसे 1.64 लाख की ईंटें ली थीं। लेकिन, अब तक इसका भुगतान समाज को नहीं दिया है। अब वह बेतुके ढंग से बनाए गए भवन पर छत निर्माण करना चाहता है। इस संबंध में उन्होंने सीईओ प्रदीप कौशिक को मामले की जांच कराकर दोषी पर कार्रवाई कराने के आदेश दिए।
- शिविर में ग्रामीणों ने ये समस्याएं भी रखीं
शिविर में ग्रामीणों ने गांव के आंबेडकर भवन निर्माण के लिए समाज के लोगों ने मांग रखी। इस परविधायक ने दोबारा टेंडर प्रक्रिया करवाने का आश्वासन दिया। इनके अलावा बिजली कटौती, गबन मामले में सस्पेंड पंचायत सचिव पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई। विधायक ने अपनी ओर से गांव में कॉलेज के पास एक शैक्षणिक संस्थान बनवाने का प्रस्ताव रखा और पंचायत से सुझाव मांगे।
फोटो- 06
बौंदकलां में विधायक सुनील सांगवान को चांदी की गदा व मुकुट से सम्मानित करते लोग। संवाद
फोटो-07
कार्यक्रम में मौजूद विधायक व विभिन्न विभागों के अधिकारी। संवाद
फोटो- 08
शिविर में ग्रामीणों की समस्या सुनते विधायक सुनील सांगवान। संवाद