फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने जमानत पर आए युवक की गोलियां मारकर की हत्या

Sun, 26 Jul 2026 12:58 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
मृतक पंकज की फाइल फोटो
विज्ञापन
चरखी दादरी। प्रेमनगर कॉलोनी में शनिवार दोपहर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मां को घायल हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पंकज हत्या के कई मामलों में संलिप्त रहा है और अप्रैल में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है।
इस मामले में देर रात तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। शव का पोस्टमार्टम रविवार को करवाया जाएगा। डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि रोहतक जिले के सुनारिया गांव निवासी पंकज (34) पिछले करीब तीन माह से दादरी के गांव ढाणी फोगाट स्थित अपने मामा के घर रह रहा था।
विज्ञापन

शनिवार को उसकी मां बीरमति रोहतक से दादरी आई थीं। पंकज उन्हें लेने के लिए भगवान परशुराम चौक पहुंचा। दोनों बाइक पर सवार होकर ढाणी फोगाट जा रहे थे। प्रेमनगर कॉलोनी की गली नंबर-7 के सामने पहुंचते ही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
इससे मां-बेटा सड़क पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो से उतरे तीन-चार हमलावरों ने पंकज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वह लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़ा। मां को गोली नहीं लगी लेकिन वे गिरने से घायल हो गईं।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पंकज को मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हत्या के मामलों में आरोपी रहा है पंकज
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पंकज हत्या के कई मामलों में आरोपी रहा है और तीन माह पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ दिल्ली में दो, अंबाला में दो और रोहतक में हत्या का एक मामला दर्ज बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह मय पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। - कप्तान सिंह, डीएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें