चरखी दादरी। जिले में शुक्रवार से बाजरा खरीद बंद हो गई है। हालांकि, अंतिम दिन तीनों खरीद केंद्रों पर एक भी किसान नहीं पहुंचा, लेकिन, वीरवार तक एजेंसी ने 17,218 किसानों का 4.02 लाख क्विंटल बाजरा खरीदा। वहीं, पूरे खरीद सीजन में 4.20 लाख क्विंटल बाजरा खरीद केंद्रों पर पहुंचा। अहम बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार 15 हजार क्विंटल ज्यादा बाजरा खरीदा गया है।
एक अक्तूबर से प्रदेश में बाजरे की एमएसपी पर खरीद शुरू हुई थी। दादरी जिले में चार दिन बाद बाजरा खरीद शुरू हो पाई थी। इस सीजन में पिछले साल के मुकाबले बाजरा की पैदावार, आवक और खरीद ज्यादा हुई है। इस सीजन में जिले के अंदर दादरी व बाढड़ा मंडी समेत झोझूकलां केंद्र पर बाजरे की खरीद की गई है।
दादरी मंडी की बात करें तो पूरे खरीद सीजन में 2,62,181 क्विंटल बाजरे की आवक हुई और एजेंसी ने 2,53,716 क्विंटल की खरीद की। इसी प्रकार, बाढड़ा मंडी में 84,003 क्विंटल बाजरा पहुंचा और एजेंसी ने 77,098 क्विंटल की खरीद की।
इसी प्रकार, झोझूकलां केंद्र पर 74,361 क्विंटल बाजरे की आवक और 71,452 क्विंटल की खरीद की गई। इसी प्रकार, जिले के तीनों केंद्रों पर इस सीजन में कुल 4,20,545 क्विंटल बाजरा पहुंचा। एजेंसी ने इसमें से 402,266 क्विंटल बाजरे की खरीद की।
किस केंद्र पर कितने किसानों ने बेचा बाजरा
दादरी मंडी की अगर बात करें तो बाजरा बेचने के लिए 10,316 किसान पहुंचे। वहीं, बाढड़ा मंडी में इस सीजन में 3757 किसानों ने बाजरा बेचा। इसके अलावा झोझूकलां खरीद केंद्र पर इस सीजन में 3,145 किसान बाजरा बेचने पहुंचे।
- उठान की यह है स्थिति
शुक्रवार सुबह तक की स्थिति देखें तो दादरी मंडी में खरीदे गए 2.53 लाख क्विंटल बाजरे में से 2,20,961 क्विंटल की उठान हुई है। वहीं, बाढड़ा मंडी में खरीदे गए 77,098 क्विंटल में से 76,426 क्विंटल की उठान हुई है। इसी प्रकार, झोझूकलां केंद्र पर खरीदे गए 71,452 क्विंटल बाजरे में से 67,361 क्विंटल की उठान एजेंसी करवा चुकी है।
- 90 करोड़ से अधिक का हो चुका भुगतान
इस बार बाजरे की उठान और भुगतान प्रक्रिया ठीक रही। अब तक की स्थिति देखें तो हैफेड बाजरा बेचने वाले किसानों के खातों में 90 करोड़ से अधिक का भुगतान कर चुकी है। एजेंसी अधिकारियों का दावा है कि वंचित किसानों का भुगतान भी जल्द कर दिया जाएगा।
बाजरा खरीद बंद हो गई है। एजेंसी ने इस सीजन में 4.02 लाख क्विंटल बाजरा खरीदा है। इस साल पिछली बार के मुकाबले ज्यादा बाजरा खरीद हुई है। वंचित किसानों के खातों में जल्द ही भुगतान राशि डाल दी जाएगी। -सतीश सैनी, मैनेजर, हैफेड, चरखी दादरी।