फोटो-15 सिविल अस्पताल में पहुंचे दूध विक्रेता के परिजन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कार व स्कूटी में टक्कर होने से स्कूटी सवार दूध विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कागजी कार्रवाई शुरू की। युवक गांव समसपुर का निवासी था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम स्कूटी सवार सतीश निवासी समसपुर किसी काम से दादरी जा रहा था। इसी बीच शहर में दिल्ली बाईपास पर कार चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गया। उसे गंभीर चोटें लगी। उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सतीश के परिजन व पुलिस सिविल अस्पताल पहुंचे।
सतीश के पिता की सन 2002 में मौत हो चुकी है। सतीश अविवाहित था। वह खेतीबाड़ी व दूध की बिक्री करता था। सड़क हादसे ने विधवा मां और छोटे भाई का सहारा छीन लिया है। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए।
इस संबंध में शहर पुलिस थाना से एएसआई अनिल कुमार ने सतीश के भाई साहिल के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।