फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: पांच हजार को भेजे थे संदेश, पांच दिन में केवल 578 ने प्राप्त किया हैप्पी कार्ड

Thu, 23 Apr 2026 01:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी रोडवेज परिसर में हैप्पी कार्ड वितरण के लिए बनाया गया काउंटर।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। प्रदेश सरकार की ओर से अंत्योदय योजना के तहत गरीब परिवारों को रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा देने के लिए शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना का लाभ लेने में लाभार्थी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब डेढ़ वर्ष बाद डिपो में पहुंचे हैप्पी कार्ड लेने के लिए ही लाभार्थी नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि रोडवेज विभाग की ओर से करीब पांच हजार लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर संदेश व वन टाइम पासवर्ड भी भेजे जा चुके हैं। पिछले पांच दिनों के दौरान केवल 578 लोग ही कार्ड लेकर गए है।
विज्ञापन

बता दें कि करीब डेढ़ वर्ष के लंबे अंतराल के बाद मुख्यालय की ओर से दादरी रोडवेज डिपो में 22,695 हैप्पी कार्ड पहुंचाए गए थे। विभाग ने लाभार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए वितरण कार्य सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए इसे पांच चरणों में पूरा करने की योजना बनाई। इसके लिए विभाग ने गत 16 अप्रैल को पहले चरण के पांच हजार लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर संदेश के माध्यम से ओटीपी भेजा लेकिन अधिक गर्मी, खेतों में फसल कटाई आदि कामकाज के चलते गिने-चुने लाभार्थी ही हैप्पी कार्ड लेने पहुंचे हैं। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों में महज 578 लोगों ने ही कार्ड प्राप्त किए हैं। जबकि कर्मचारियों की ओर से संबंधित लाभार्थी के मोबाइल फोन पर संदेश भी भेजे जा रहे हैं ताकि लाभार्थी एक वर्ष तक रोडवेज बसों में एक हजार किलोमीटर तक का निशुल्क सफर कर सकें। अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों के पास हैप्पी कार्ड संबंधित संदेश पहुंचा है वे किसी भी कार्य दिवस में दादरी बस स्टैंड में स्थापित विशेष काउंटर से अपना कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
एक हजार किलोमीटर मुफ्त यात्रा का मिलेगा लाभ

हैप्पी कार्ड योजना के तहत पात्र परिवारों के प्रत्येक सदस्य को एक वर्ष में हरियाणा रोडवेज की बसों में 1000 किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा करने की सुविधा दी जाती है। जिले में अब तक हजारों लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं और शेष बचे 22 हजार 695 लाभार्थियों को भी अब इस दायरे में शामिल किया गया है। काउंटर पर कार्ड को तत्काल एक्टिवेट करके लाभार्थी को सौंपा जा रहा है जिससे वे तुरंत लाभ उठा सकें।
विज्ञापन



जिले में 87,500 ने किया था आवेदन
जिले में इस योजना के लिए कुल 87,500 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार 64 हजार 463 पात्र लाभार्थियों को पहले ही कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। वर्तमान में चल रही 22,695 कार्डों की वितरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में कुल लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 87,158 हो जाएगी।



वर्सन :
हमारे कर्मचारियों ने पांच हजार लाभार्थियों के फोन पर मैसेज भेज हैप्पी कार्ड संबंधी ओटीपी भेजे हैं। अभी तक केवल 578 लोग ही कार्ड लेकर गए हैं। संबंधित लाभार्थी योजना से संबंधित संदेश देख अपना कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी रोडवेज डिपो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें