बाढड़ा। कस्बे में व्यापारी से मारपीट के मामले में व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बैठक में पहुंचे थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने आरोपी पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
कस्बे के मुख्य क्रांतिकारी चौक स्थित आर्य भवन परिसर में व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी की अध्यक्षता में व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बुधवार को एक व्यापारी के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने पर कड़ा रोष प्रकट किया गया। इस तरह की घटनाओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
प्रधान संदीप सिंटी ने कहा कि कुछ लोग व्यापारियों को धमका रहे हैं जो चिंता का विषय है। बेकसूर व्यापारी के साथ मारपीट करना न्यायसंगत नहीं है। इस दौरान बैठक में व्यापारियों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने कहा कि कस्बे की शांति को किसी तरह से भंग नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारियों की अपील पर कस्बे के मुख्य चौक, बस स्टैंड पर नियमित सुरक्षा दस्ता एवं पीसीआर की तैनाती की गई है।
एसडीएम से भी मिले व्यापारी
बाद में व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी की मौजूदगी में बाढड़ा व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह से मुलाकात कर व्यापारियों से मारपीट की घटना से अवगत करवाते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष बलजीत हंसावास, जयबीर श्योराण काकड़ौली, मोतीराम जांगड़ा, पूर्व चेयरमैन संदीप बाढड़ा, व्यापारी नेता कटारसिंह, सुंदर बाढड़ा, सुनील शर्मा, एडवोकेट दीनदयाल अग्रवाल, सतबीर, मांगेराम, धर्मपाल, एनके गर्ग, मोहनलाल सैनी, वेदप्रकाश जांगड़ा, भूप सिंह, राजू मौजूद रहे।