एसडीएम प्रवाचक सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन देते भाकियू पदाधिकारी।
बाढड़ा। अनाज मंडी से गेहूं व सरसों की उठान न होने व उपज का भुगतान न करने पर किसान व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में रोष मार्च निकाला। इसके बाद एसडीएम कार्यालय में जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन दिया। इसके साथ ही जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि दो दिन में अनाज उठान नहीं की गई तो एसडीएम कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
भाकियू जिला अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा व भूप सिंह धारणी की अध्यक्षता में किसान संगठनों की बैठक हुई। भांडवा ने कहा कि एक तरफ तो प्रदेश सरकार किसानों को 72 घंटे में भुगतान करने का दावा कर रही है, जबकि डेढ़ माह से किसानों को सरसों व गेहूं का भुगतान नहीं किया जा रहा हैं। इससे किसान मंडी व सरकारी कार्यालयों में चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
अभी तक एक लाख क्विंटल बैग का उठान अधर में लटका है। किसानों का भुगतान कब होगा इस पर किसी अधिकारी का कोई जवाब नहीं है। किसान पदाधिकारियों ने किसान भवन से उपमंडल कार्यालय तक रोष मार्च निकाला और एसडीएम कार्यालय में प्रवाचक सुरेंद्र को उपायुक्त के नाम ज्ञापन दिया।
रोष मार्च में किसान नेता प्रताप हंसावास, सचिव महेंद्र जेवली, गिरधारी मोद, रामपाल धारणी, नवीन डांडमा, ऋषि भांडवा, ब्रहमपाल बाढड़ा, भूप सिंह दलाल, पूर्व सरपंच वेदप्रकाश श्योराण, अशोक काकड़ौली, कमल सिंह हड़ौदी आदि भाकियू पदाधिकारियों मौजूद रहे।