जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से परसराम हेतराम स्कूल में आयोजित किया जाएगा कैंप, जनयोजनाओं का लाभ ले सकेंगे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से 26 मार्च को मेगा सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रशासन के विभिन्न विभागों की तरफ से स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम संजीव काजला ने बताया कि परसराम हेतराम स्कूल में आम नागरिकों को जनसेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत मौके पर ही आवेदन करवाए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल जांच, नेत्र जांच और आयुष्मान कार्ड बनाने की सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि परिवार पहचानपत्र में संशोधन करवाने के लिए मानव संसाधन विकास विभाग के कर्मचारी नागरिकों से उनके दस्तावेज प्राप्त करेंगे। जिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, कॉमन सर्विस सेंटर, खाद्य एवं पूर्ति विभाग, बिजली वितरण निगम से संबधित सेवाएं यहां उपलब्ध रहेंगी।
जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले इस कैंप में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, वन स्टॉप सेंटर और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।