चरखी दादरी। भारतीय मजदूर संघ से संबंधित हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी नवीन कारी ने कहा कि सरकार पंचायत कंप्यूटर्स ऑपरेटर्स की मांगों के समाधान के लिए गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनवरी 2025 में बहादुरगढ़ और रोहतक रैली में सीपीएलओ कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया था। अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। पिछले सप्ताह कैथल में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हवा सिंह महला की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में सरकार की अनदेखी पर रोष प्रकट किया गया था और निर्णय लिया गया कि 24 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपे जाएं।
बैठक में ऑपरेटर संघ से जिला मंत्री धर्मेंद्र, जिला प्रधान विकास कुमार, जिला कोषाध्यक्ष विकास ने विचार रखे। नवीन ने कहा कि 24 दिसंबर को स्थानीय रोजगार्डन में एकत्रित होंगे उसके बाद उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।