चौधरी काशीराम अस्पताल के बाहर मौजूद कार्रवाई करने पहुंची टीम में शामिल अधिकारी।
चरखी दादरी। घिकाड़ा रोड स्थित चौधरी काशीराम अस्पताल में फार्मासिस्ट बिना चल रहे तमन्ना मेडिकल स्टोर को ड्रग्स इंस्पेक्टर ने शुक्रवार दोपहर सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस फार्मासिस्ट के नाम पर मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा है वो दो जगह काम करता है। इस पहलू की जांच ड्रग्स इंस्पेक्टर अमनदीप चौहान ने शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि चौधरी काशीराम अस्पताल में मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा है। यहां फार्मासिस्ट बिना ही मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शुक्रवार दोपहर यहां पहुंचकर कार्रवाई करवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ गुप्तचर शाखा प्रभारी जयप्रकाश सांगवान, एसआई बलबीर सिंह समेत ड्रग्स इंस्पेक्टर और उनकी टीम मौजूद रही। टीम जब यहां पहुंची तो मेडिकल स्टोर खुला मिला। टीम ने फार्मासिस्ट के बारे में पूछा तो वो वहां हाजिर नहीं मिला। इस पर संज्ञान लेते हुए ड्रग्स इंस्पेक्टर की टीम ने तत्काल मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। दोपहर करीब दो बजे टीम कार्रवाई कर लौट गई।
गुप्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में ये कार्रवाई की गई है, जिस फार्मासिस्ट के लाइसेंस के सहारे मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा है। उसके दो जगह काम करने की बात सामने आई है। इसकी हम जांच करेंगे। फिलहाल मेडिकल स्टोर सील कर दिया है।
-अमनदीप चौहान, ड्रग्स इंस्पेक्टर, नूंह कम चरखी दादरी