भाजपा नेता एवं दंगल गर्ल बबीता फोगाट की ओर से फेसबुक पर डाली गई पोस्ट।
चरखी दादरी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के महाकुंभ को मृत्युकुंभ कहने पर भाजपा नेता एवं दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने कटाक्ष किया है। फेसबुक पर डाली गई पोस्ट में बबीता ने लिखा कि महाकुंभ को मृत्युकुंभ बताने वालों को गंगा मैया सद्बुद्धि प्रदान करे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाकुंभ में हुईं मौतों पर एक बयान दिया था। इसमें उन्होंने महाकुंभ को मृत्युकुंभ कहा था। उनके इस बयान पर कटाक्ष करते हुए बबीता ने मंगलवार रात फेसबुक पर पोस्ट की। इसमें लिखा कि-करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था का मजाक उड़ाते हुए किसी एक वर्ग को खुश करने के उद्देश्य से ममता दीदी ने अपनी क्रूरता दिखाई है। इसके लिए देश कभी माफ नहीं करेगा। महाकुंभ सिर्फ स्नान नहीं बल्कि मुक्ति का मार्ग है। महाकुंभ के विहंगम दृश्य में सामाजिक समरसता और एकता की झलक दिख रही है। उसे मृत्युकुंभ कहना खुद पाप की धारा में प्रवाहित होने जैसा है। गंगा मैया इन्हें सद्बुद्धि दे।
जांगड़ा समाज की मासिक बैठक आज
बाढड़ा। जांगड़ा धर्मशाला में वीरवार दोपहर एक बजे जांगड़ा समाज की मासिक बैठक होगी। इसमें धर्मशाला के निर्माण कार्य के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। संस्था के सचिव महिपाल जांगड़ा और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार कारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों से बैठक में पहुंचने की अपील की है।