रावलधी-भिवानी लिंक रोड पर खेतों में भरा बारिश का पानी।
चरखी दादरी। मानसून सीजन के चार दिनों में बाढड़ा में सर्वाधिक 138 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा बाढड़ा और और बौंदकलां में अब तक 40 एमएम से कम बारिश हुई है। वहीं, दादरी की बात करें तो 90 एमएम बारिश हुई है। ऐसे में इस बारिश से फसलों को फायदा पहुंचा तो वहीं प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ है। हालांकि बारिश से सब्जी की खेती में नुकसान हुआ है।
दादरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर चार एमएम बारिश हुई। बारिश होने पर अब लोगों का तपिश भरी गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, प्रदूषण की बात करें तो बुधवार को हवा संतुलित रही। प्रदूषण का अधिकतम स्तर 188 एक्यूआई और न्यूनतम दो एक्यूआई दर्ज किया गया। बता दें कि दो दिन मौसम साफ रहने के बाद बुधवार सुबह ही आसमान में बादल छा गए और इसके बाद बारिश शुरू हुई। करीब 20 मिनट तक बारिश हुई।
राजस्व विभाग के पटवारी देवेंद्र ने बताया कि अब तक बौंदकलां ब्लॉक में सबसे कम 39 एमएम बारिश ही हुई है। वहीं, बारिश होने के बाद पानी की खपत भी धीरे धीरे कम होने लगी है जबकि बिजली लोड भी कम हुआ है। हालांकि बिजली लाइनों में फॉल्ट लगातार आ रहे हैं। दूसरी ओर किसान रामसिंह, हवासिंह, सज्जन, जिले सिंह और धर्मेंद्र का कहना है कि बारिश से फसलों को फायदा है।