रोजगार्डेन में शनिवार सुबह बैठक करने के बाद प्रदर्शन करते लाला लाजपतराय चौक पहुंचे प्रदर्शनकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। ओपीएस बहाली के लिए पेंशन बहाली संघर्ष समिति ने जिलाध्यक्ष ताराचंद छिल्लर की अगुवाई में शनिवार को शहर में रोष प्रदर्शन किया। इससे पहले समिति सदस्य शहर के रोजगार्डेन में एकत्र हुए और बाद में प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड व रोहतक चौक होते हुए लाला लाजपत राय चौक पर पहुंचे। वहां उन्होंने नारेबाजी कर रोष जाहिर किया।
मुख्य वक्ता प्रदेश सचिव ऋषि नैन ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी पिछले कई वर्षों से ओपीएस बहाली की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति प्रदेश में कई बड़े आंदोलन कर चुकी है। इसके दबाव में प्रदेश सरकार ने 20 फरवरी 2024 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाई पॉवर कमेटी का गठन किया था। इसके बावजूद सरकार ओपीएस बहाली के लिए कोई फैसला नहीं ले सकी।
संचालक कपिल शर्मा व अशोक डीपीई ने कहा कि संघर्ष समिति पिछले सात सालों से प्रदेश सरकार से ओपीएस बहाली की मांग कर रही है। लेकिन सरकार तानाशाही रवैया अपनाए हुए है।
जिला प्रधान ताराचंद छिल्लर ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भी संघर्ष समिति जींद में बड़ी रैली कर सरकार को चेतावनी दे चुकी है। अगर सरकार अब भी ओपीएस बहाली को लेकर सकारात्मक कदम नहीं उठाती है तो वोट फॉर ओपीएस की मुहिम जारी रहेगी।
कोषाध्यक्ष विनय कुमार व शिवकुमार गोयल ने कहा कि 25 जून को संघर्ष समिति ने सभी मंत्रियों और मुख्यमंत्री को ओपीएस बहाली के लिए ज्ञापन दिया था। मांगों का समाधान न होने पर 1 सितंबर को पंचकूला में रैली कर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन में विजय भूना, बलराम आर्य, नवीन शर्मा, पिंकी देवी, अर्चना, मनीषा, नरेंद्र झोझू, रोशनलाल बौंद, रामबीर चाहार, मास्टर जगबीर, संदीप जेवली, प्रवीन सांगवान, डाॅ. मधुसूदन, शिव कुमार शास्त्री, विक्रमजीत नेहरा, राजेश जांगड़ा आदि शामिल रहे।
फोटो - 06
शहर में रोष मार्च निकालते संघर्ष समिति के सदस्य। स्रोत : संगठन