ग्राउंड रिपोर्ट
फोटो: 20
सरदार झाड़ू सिंह चौक से चरखी दरवाजा की तरफ जानी वाली सड़क के बीच बना गड्ढा। संवाद
फोटो: 21
परशुराम चौक से झाड़ू सिंह चौक की तरफ जाने वाली सड़क पर बना गड्ढा। संवाद
फोटो: 22
काठमंडी की मुख्य सड़क पर बना गड्ढा। संवाद
फोटो: 23
आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर बना गड्ढा। संवाद
- काठमंडी, आंबेडकर चौक, पुरानी सब्जी मंडी और सरदार झाड़ू सिंह चौक रोड पर बने हैं 88 गड्ढे, वाहन चालक परेशानियां झेलने के लिए विवश
- मुख्यमंत्री ने 15 जून से पहले सड़कों के गड्ढे भरने के दिए थे आदेश, शहर की चार सड़कें अभी आदेश से अछूती
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानसून सीजन के मद्देनजर 15 जून तक सड़कों के गड्ढे भरने का आदेश दिया था। यह डेडलाइन जा चुकी है। अब भी शहर की सड़कों पर गड्ढे जस के तस हैं। चार शहरी मार्गाें की बात करें तो इन पर संवाददाता को 88 गड्ढे मिले। खास यह है कि गड्ढे सड़कों की खोदाई होने के बाद से जस के तस हैं।
शहर में बारिश के पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करने के नाम पर वर्ष 2023 में चार मुख्य सड़कों के बीच पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। दो साल गुजर जाने के बाद भी इन सड़कों के गड्ढों को नहीं भरवाया गया है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों से मानसून से पहले इन गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि, समय रहते किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
दरअसल, इन दिनों शहर के काठमंडी, आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी रोड, सरदार झाड़ू सिंह चौक से चरखी दरवाजा को जाने वाली सड़क और सरदार झाड़ू सिंह चौक से परशुराम चौक तक सड़कों के बीच 88 गड्ढे बने हुए हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हर रोज यहां कोई न कोई दुपहिया वाहन चालक गिरकर घायल होता रहता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी नगर परिषद ने इन गड्ढों को नहीं भरवाया गया है। ऐसे में आने वाले मानसून के दौरान यहां और भी गंभीर स्थिति बनेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से इन गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
शहर की किस सड़क पर मिले कितने गड्ढे
1- झाड़ू चौक से चरखी दरवाजा तक 22 गड्ढे
सरदार झाड़ू सिंह चौक से चरखी दरवाजा की तरफ जाने वाली सड़क की लंबाई करीब 400 मीटर है। इस सड़क पर इस समय 22 गड्ढे बने हुए हैं जो वाहन चालकों को परेशान कर रहे हैं। इस सड़क से प्रतिदिन एक हजार से अधिक दुपहिया वाहनों के अलावा पैदल राहगीरों का भी अवागमन रहता है।
2- 300 मीटर की दूरी में बने 6 गड्ढे
भगवान परशुराम चौक से सरदार झाड़ू सिंह चौक की लंबाई 300 मीटर है। यहां सड़क के बीच पाइपलाइन बिछाने के बाद मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। फिलहाल, सड़क के बीच बने 6 गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बने हुए हैं। यहां से प्रतिदिन तीन हजार वाहन गुजरते हैं।
3-पुराना झज्जर रोड
पुराना झज्जर रोड से गीता भवन तक सड़क की लंबाई लगभग 300 मीटर है। सड़क के बीच 47 स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन मेन बाजार, काठ मंडी आदि क्षेत्रों में जाने वाले पांच हजार वाहन गुजरते हैं। हर रोज ई-रिक्शा चालक व दुपहिया वाहन चालक संतुलन बिगड़ने से गिरते रहते हैं।
4- आंबेडकर चौक से सब्जी मंडी रोड
आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी को जाने वाली सड़क के भी हालात ऐसे ही बने हुए हैं। सड़क पर 100 मीटर के दायरे में 10 गहरे गड्ढे बने हैं। बारिश के दिनों में अक्सर इस सड़क पर जलभराव रहता है। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढे नजर न आने पर हादसा होने की आशंका रहती है।
वर्सन:
हमने शहर की सभी सड़कों पर बने गड्ढों को भरवाने के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को आदेश जारी किया है। मानसून से पहले सभी सड़कों के गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन नगर परिषद