चरखी दादरी। दादरी-भिवानी रेल ट्रैक पर फतेहगढ़ हरियाणा रेलवे स्टेशन के समीप वीरवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक करीब 42 वर्षीय सतेंद्र भिवानी जिले के गांव गौरीपुर का रहने वाला था। नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव गौरीपुर निवासी करीब 42 वर्षीय सतेंद्र दादरी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक दुकान पर नौकरी करता था। वह हर रोज ट्रेन से आवागमन करता था। हर रोज की भांति वीरवार को भी वह दादरी आने के लिए मानहेरू से ट्रेन में सवार हुआ था। वहीं सुबह करीब नौ बजे दादरी राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी चौकी को सूचना मिली कि फतेहगढ़ हरियाणा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
सूचना पाकर दादरी जीआरपी चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान मृतक की जेब में मिले दुकानदार के मोबाइल नंबर से उसकी पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरने के कारण या किसी दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल भतेरी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई सुरेश और भतीजे योगेंद्र के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक सतेंद्र अविवाहित था।