चरखी दादरी। शौक बड़ी चीज है और जब इससे प्रेम जुड़ जाए तो बात ही कुछ और होती है। राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में पहुंचे कारी मोद के हिंदखोला धाम महंत राकेश गिरी का सफेद रंग का घोड़ा मंगल और कुरुक्षेत्र निवासी उदयवीर का काले रंग का घोड़ा हैदर इसकी बानगी है। इन दोनों घोड़ों की बनावट गजब का है। इन दोनों घोड़ों की कीमत लग्जरी गाड़ियों से अधिक हैं। महंत राकेश गिरी का कहना है कि उनके घोड़े की कीमत डेढ़ करोड़ तक लग चुकी है जबकि उदयवीर का कहना है कि दो दांत वाले हैदर की कीमत 60 लाख रुपये है। ये दोनों घोड़े पहले दिन प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहे।
- कई खिताब जीत चुका है हैदर
उदयवीर ने बताया कि हैदर ने गत दिनों कुरुक्षेत्र में आयोजित डीएफए की प्रतियोगिता में ऑल इंडिया चैंपियन रहा था। गत वर्ष भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में भी यह घोड़ा चैंपयिन का खिताब जीत चुका है। कुरुक्षेत्र के गांव बबैन निवासी उदयवीर सिंह विर्क ने बताया कि अच्छी नस्ल के घोड़े रखना उनका शौक है। उनके घोड़ा फार्म में मारवाड़ी के अलावा दूसरी नस्ल के भी घोड़े हैं। अब घोड़ा पालन का यह शौक व्यवसाय में बदल गया है। उनके पास लाखों रुपये की कीमत के बेशकीमती घोड़े हैं। जिनको देखने के लिए दूर-दराज के लोग उनके फार्म आते हैं। घोड़ा मालिक उदयवीर बताते हैं कि हैदर गत वर्ष पुष्कर में आयोजित दो दांत की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है।
- मंगल के शरीर पर नहीं एक भी दाग, गत वर्ष बना था विजेता
महंत राकेश गिरी ने बताया कि उनके घोड़े के शरीर पर एक भी दाग (निशान) नहीं है। सामान्य चाल के दौरान गति 40 किलोमीटर प्रतिघंटा है। गत वर्ष भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय स्पर्धा में मंगल विजेता बना था। यह नुकरा नस्ल का है। इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये लग चुकी है, लेकिन वो घोड़ा बेचेंगे नहीं। उन्होंने बताया कि मंगल के साथ उनका काफी लगाव है। दूर-दराज से लोग धाम पर घोड़े को देखने आते हैं।