चरखी दादरी। मानसून सीजन के मद्देनजर अधिकारी प्रबंधों को पुख्ता कर लें। अगर मानसून सीजन में खामी सामने आई तो फिर संबंधित अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। यह चेतावनी दादरी विधायक सुनील सांगवान ने सोमवार को नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दी।
विधायक सांगवान ने स्पष्ट किया कि इस बार बारिश से पहले सीवरेज व अन्य सुविधाएं दुरुस्त हों, ताकि, आगामी दिनों में लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि 22 मई को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें आगामी विकास कार्यों पर मंथन किया जाएगा। बैठक में अधिकारी विकास कार्यों का खाका तैयार कर साथ लाएं। ताकि, धरातल पर कार्य शुरू करवाया जा सके।
विधायक सुनील सांगवान ने सोमवार को मेजबान चौक से सेक्टरों तक के इंटरलॉक सड़क निर्माण के अलावा शहर में मशीनों के साथ नालों की सफाई मुहिम का शुभारंभ किया। बाद में नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए बारिश से पहले की व्यवस्थाओं पर मंथन किया।
मीटिंग में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले सीवर व्यवस्था दुरुस्त हो। नालों की समय पर सफाई करने व रात की शिफ्ट में सफाई का कार्य करवाया जाए। इसके अलावा, ग्रीन बेल्ट विकसित करने व विकास कार्यों पर भी चर्चा की। बैठक में नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, एक्सईएन सुंदर श्योराण, एमई नरेंद्र तनेजा, सचिव गौरव शर्मा, रविंद्र हुड्डा, नगर पार्षद मनोज वर्मा, विनोद सिंहमार, नवीन प्रजापति आदि उपस्थित रहे।