चरखी दादरी। ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सराफा व्यापारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी ने अपने कार्यालय में जिले के ज्वेलर्स और सराफा व्यापारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में दुकानों और शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी, लूटपाट और साइबर ठगी रोकने पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ज्वेलरी शोरूम और दुकानें संवेदनशील प्रतिष्ठान हैं। इनमें नकदी और कीमती आभूषण होने के कारण चोरी व लूटपाट का खतरा बना रहता है। उन्होंने सभी ज्वेलर्स को प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखने को कहा गया।
डीवीआर और एनवीआर सिस्टम को सुरक्षित व छिपे हुए स्थान पर स्थापित करने की हिदायत दी गई। कैमरों का फोकस मुख्य प्रवेश, निकास द्वार, कैश काउंटर और पार्किंग क्षेत्र पर रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारी मात्रा में नकदी या आभूषण एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते समय पुलिस सहायता अथवा निजी सुरक्षा का उपयोग किया जाए।