चरखी दादरी। मानकावास गांव में करीब तीन माह पहले हवाई फायरिंग करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान चरखी गांव निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खोल और वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मानकवास निवासी एक महिला ने पुलिस को हवाई फायरिंग की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि 24 जुलाई को वह पशुओं को चारा दे रहीं थीं। उसी दौरान शाम से समय बाइक सवार तीन युवक उनके गांव में आए। उन्होंने मानकावास निवासी एक व्यक्ति के घर का पता पूछा और इसके बाद एक युवक ने चौक पर जाकर फायर किया। इसके बाद आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
मंडी से फरार ट्राला चालक पर केस दर्ज
चरखी दादरी। शहर स्थित नई अनाज मंडी से बाजरा के 868 बैग से भरा ट्राला लेकर फरार हुए चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पहले पुलिस मौखिक शिकायत पर जांच कर रही थी। सोमवार को उठान एजेंसी संचालक पवन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उठान एजेंसी ने हैफेड कंपनी से अनुबंध कर एक ट्रक उठान के लिए 15 अक्तूबर को रखा था। हैफेड के खरीदे अनाज को उठान एजेंसी के माध्यम से जींद गोदाम में पहुंचाया जाना था। कंपनी ओर से खाली ट्राले के बाद बाजरे के 868 बैग भरकर भी उसका वजन तौला गया था। यह चालक 15 अक्तूबर को दादरी मंडी से रवाना हुआ लेकिन तीन दिन बाद भी जींद गोदाम तक नहीं पहुंचा। उन्होंने चालक को फोन किया तो उससे संपर्क नहीं हो पाया। बाजरे की कीमत करीब 11,50,000 रुपये है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।