बौंदकलां महाविद्यालय में मौजूद शिक्षक व जरूरतमंद बेटियां। स्रोत : संस्थान
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित किया गया महाविद्यालय स्तरीय कार्यक्रम, संघ स्वयं खर्च वहन कर मजदूरों की बेटियों को दिलाएगा शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। कस्बा स्थित राजकीय महाविद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हरियाणा महाविद्यालय शिक्षा की दादरी इकाई ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। कार्यक्रम संचालन डॉ. आशीष ने किया।
उन्हाेंने बताया कि शैक्षिक महासंघ महाविद्यालय की ओर से बौंदकलां स्थित हनुमान भट्ठा के मजदूरों की छोटी बच्चियों को शिक्षा का खर्च उठाने का निर्णय लिया गया। छोटी लड़कियों को शिक्षा संबंधी सभी सामग्री वितरित की गई।
इन लड़कियों को पढ़ाने वाली संस्था गीता अर्जुन फाउंडेशन की ओर से शैक्षिक महासंघ की महाविद्यालय इकाई का आभार जताया गया। इसके बाद महाविद्यालय की शैक्षिक महासंघ इकाई ने छात्राओं और शिक्षकों को महिला दिवस एवं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जन्म वर्ष पर लघु फिल्म दिखाई गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. अर्चना कुमारी ने बताया कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तीकरण का बहुत बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आने वाली मुसीबत का मजबूती से सामना करने की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।