संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सफाई का ध्यान नहीं रखने वालों के लिए नगर परिषद ने सख्त कदम उठाए हैं। दुकानदारों को दुकानों पर हरे और नीले रंग के दो डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। कचरा सड़क पर फेंकने वालों को पहले चेतावनी दी जाएगी और नहीं सुधरने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगे इसके लिए नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी दुकानों का नियमित निरीक्षण करेंगे। दरअसल परिषद शहर को कचरामुक्त बनाने और सौंदर्यीकरण पर जोर दे रही है। परिषद ने दुकानदारों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि उन्हें दुकान पर दो डस्टबिन रखने होंगे। निरीक्षण में डस्टबिन न मिलने पर पहले चेतावनी दी जाएगी। सुधार न होने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क किनारे या गलियों में फेंकने की बजाय नगर परिषद के कूड़ा संग्रहण वाहनों में डालना होगा।