क्लीनिक में कार्रवाई करते स्वास्थ्य विभाग के ड्रग्स कंट्रोलर अधिकारी डॉ. तरुण कुमार।
चरखी दादरी। शहर के लोहारू रोड पर बिना लाइसेंस और डिग्री पर क्लीनिक के संचालन की शिकायत मिली है। इसकी पुष्टि के लिए स्वास्थ्य विभाग और ड्रग्स कंट्रोलर की टीम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। इस दौरान टीम को वहां बिना लाइसेंस और डिग्री के मरीजों का उपचार होता मिला। विभागीय टीम ने कुछ सामान जब्त कर मौके पर मिले चार व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली कि लोहारू पर एक झोलाछाप फर्जी तरीके से उपचार कर लोगों से रुपये ऐंठ रहा है। इस सूचना के आधार पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार और ड्रग्स कंट्रोलर अधिकारी डॉ. तरुण कुमार ने मंगलवार को पुलिस टीम के साथ इस क्लीनिक पर छापा मारा। यह टीम दोपहर एक बजे मौके पर पहुंची तो क्लीनिक पर चार कर्मचारी मिले।
इस टीम ने क्लीनिक पर कार्यरत लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। टीम ने उनके लाइसेंस और डिग्री दिखाने के लिए कहा तो चारों में से कोई भी पेश नहीं कर सका। इसलिए टीम ने चारों को पुलिस के हवाले कर दिया। टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रख शाम छह बजे तक मौके पर मिलीं दवाओं अन्य सामान की जांच की। उसी दौरान टीम को मौके पर दवाएं बनाने का कच्चा माल मिला। एक रजिस्टर मिला और इसमें कुछ मरीजों के नाम अंकित थे। कुछ दवाएं जब्त की गईं हैं।