चरखी दादरी। स्याणा रोड पर 152-डी के पुल के नीचे मोटरसाइकिल में जानबूझकर कार से टक्कर मारकर युवक पर डंडों से हमला करने के मामले में दादरी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि एक सितंबर को चिड़िया निवासी जितेंद्र ने शिकायत दी थी कि वह मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। इसी दौरान काले रंग की कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
कार सवार युवकों ने उतरकर डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पहले राहुल निवासी छप्पार गिरफ्तार हो चुका है। मंगलवार को चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत ने रोहित उर्फ जगीरा निवासी चिड़िया और संदीप उर्फ महाराज निवासी कितलाना को गिरफ्तार किया। रोहित से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद हुआ। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।