चरखी दादरी। रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग को जगमगाने के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। शहर के रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर नई एलईडी लाइटें तो लगा दी गई हैं लेकिन बिजली मीटर न लगने से ये लाइटें अभी भी शोपीस बनी हुई हैं। हालांकि जिला उपायुक्त के सख्त आदेशों के बाद विभाग ने काम में तेजी तो दिखाई है लेकिन फाइलों के फेर में फंसी मीटर की प्रक्रिया ने इस पूरे अभियान को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
रावलधी-भिवानी मार्ग स्थित आरओबी शहर का एक महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। लंबे समय से यहां की लाइटें बंद पड़ी थीं जिसके कारण रात के समय दुर्घटनाओं का डर बना रहता था। इस समस्या को संवाद न्यूज एजेंसी ने प्रमुखता से अमर उजाला में प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को 48 घंटों के भीतर लाइटें चालू करने के आदेश जारी किए थे। उपायुक्त के आदेश मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिकल शाखा हरकत में आई। विभाग ने आनन-फानन में तीन किलोवाट के लोड का मीटर लगवाया गया था लेकिन मीटर की दूरी अधिक होने के कारण लाइटें पूरी तरह जलने में सक्षम नहीं हो पाया।
इसके बाद संबंधित विभाग की ओर से एक जुलाई को 8 किलोवाट मीटर लगवाने का आवेदन किया गया था। वहीं इस दौरान लोक निर्माण इलेक्ट्रिकल शाखा के कर्मचारियों ने आरओबी पर लगी पुरानी और खराब हो चुकी सोडियम लाइटों को हटाकर वहां नई आधुनिक एलईडी लाइटें लगवा दीं। विभाग का दावा है कि उन्होंने बिजली कनेक्शन मिलने के तुरंत बाद सभी लाइटों को चालू करवा दिया जाएगा।
निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लोक निर्माण इलेक्ट्रिकल शाखा के अधिकारियों के अनुसार एक जुलाई को 8 किलोवाट का मीटर लगवाने के लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी कर आवेदन करवा दिया गया था। आवेदन करने के कई दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक मौके पर मीटर स्थापित नहीं हो पाया है। मीटर न लगने की वजह से बिजली का कनेक्शन शुरू नहीं हो सका है जिससे लाखों की लागत से खरीदी गई ये एलईडी लाइटें रात होते ही अंधेरे में गुम हो जाती हैं।
जनता और राहगीरों की परेशानी
आरओबी पर छाए अंधेरे के कारण इस मार्ग पर रात के समय बाइक सवारों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए खतरा बना रहता है। वहीं बारिश के बाद गड्ढों में भरा पानी वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बना हुआ है। जिला प्रशासन के आदेशों के बाद भी लाइटें चालू न होने से राहगीरों में भारी रोष है।
वर्सन:
हमने आरओबी से पुरानी सोडियम लाइटें हटवाकर नई 30 एलईडी लाइटें लगवा दी हैं। वहीं लाइटों को जलाने के लिए सभी पोल पर केबल पहुंचाने का भी काम पूरा कर लिया गया है। अब केवल 8 किलोवाट का बिजली मीटर लगने का काम रह गया है। मीटर लगने के बाद तुरंत प्रभाव से सभी लाइटों को चालू करवा दिया जाएगा।- अनूप सिंह, कनिष्ठ अभियंता, इलेक्ट्रिकल शाखा, लोक निर्माण विभाग।
वर्सन:
नया मीटर कनेक्शन संबंधी एस्टीमेट व अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मीटर पास होने के बाद संबंधित क्षेत्र में लगवा दिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले तीन दिन में काम पूरा कर लाइटों तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - अमरिक सिंह, कनिष्ठ अभियंता, बिजली निगम।