प्रशिक्षण शिविर के समापन पर बिरहीकलां डायट में मौजूद प्रवक्ता।
चरखी दादरी। गांव बिरही कलां स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 243 प्रवक्ताओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को समाप्त हो गया। अब ये प्रवक्ता सोमवार से स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के नए तरीकों की जानकारी देंगे और उनको रटने की बजाय आसान माध्यम से पढ़ाते हुए याद रखने के तरीके भी बताएंगे।
सहायक प्रवक्ता राकेश गोदारा ने बताया कि दादरी और भिवानी जिले के प्रवक्ताओं के लिए 14 अक्तूबर से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया था। इसमें इतिहास, भौतिक विज्ञान और वाणिज्य आदि विषयों के प्रवक्ताओं को शामिल गया है। दादरी जिले से इतिहास विषय के 35 और भौतिक विज्ञान के 22 प्रवक्ताओं ने प्रशिक्षण लिया। भिवानी के इतिहास विषय के 100 और भौतिक विज्ञान के 54 प्रवक्ताओं ने शिविर में प्रशिक्षण लिया।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी शिक्षकों को विषय अनुसार बिंदु दिए गए और सभी शिक्षकों को इन्हें आसान विधि से करने के लिए कहा गया। सभी ने इन्हें आसानी से पूरा कर शत प्रतिशत परिणाम दिया। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को दो घंटे में लक्ष्य पूरा करने का समय दिया था। इसी अंतराल में शिक्षकों को लक्ष्य पूरा करना होता था। इसमें उन्हें रटने के बजाय प्रत्यक्ष रूप से करके दिखाना होता था, ताकि विद्यार्थी को विषय रटने की जरूरत न हो। इसमें लघु नाटक, प्रयोगशाला जांच और संक्षिप्त रूप आदि के माध्यम से विषय प्रस्तुत किया गया।