- अधिवक्ताओं ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
फोटो 3- उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। विज्ञप्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला बार एसोसिएशन ने वीरवार को प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा की अध्यक्षता में वर्क सस्पेंड कर मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम डीसी मुनीश नागपाल को ज्ञापन सौंपा। वहीं, इसकी एक प्रति मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार चंडीगढ़ को भी प्रेषित की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से कमिश्नर न्यायालय रोहतक रेंज, रोहतक का कैंप कोर्ट चरखी दादरी में लगवाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में उनका कैंप यहां नियमित रूप से लगाया जाता था। उससे आमजन एवं अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्य में सुविधा थी। अब आगामी सुनवाई केवल रोहतक मुख्यालय में ही की जा रही है।
इस निर्णय के विरोध में चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर और सोनीपत जिलों के बार एसोसिएशनों ने कलम छोड़ हड़ताल करने का निर्णय लिया। बार प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा ने कहा कि इस निर्णय से आमजन व अधिवक्ताओं को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा क्योंकि दादरी व बाढड़ा तहसील तक के पक्षकारों को अब 70 किलोमीटर दूर रोहतक जाना पड़ेगा। इससे न केवल समय और धन की हानि होगी बल्कि आमजन उचित न्याय से वंचित भी रह जाएगा।
प्रधान ने कहा कि यदि कमिश्नर न्यायालय का कैंप कोर्ट फिर से चरखी दादरी में नहीं लगाया गया तो बार एसोसिएशन और कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर बार उपप्रधान मंदीप फोगाट, सचिव राकेश सांगवान, संयुक्त सचिव योगेश शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र फोगाट, मीडिया प्रभारी अधिवक्ता प्रदीप डाला, वरिष्ठ अधिवक्ता जगमाल, अधिवक्ता राजेश गोदारा, संता सिंह, अशोक जांगड़ा, कुलदीप शर्मा आदि उपस्थित रहे।