चरखी दादरी। बदलाव जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा मंदोला गांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के साथ कानून व्यवस्था चौपट है और सरेआम कारोबारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाला राजनीतिक समय आप का होगा।
अनुराग ढांडा ने कहा कि पिछले 10 साल में चरखी दादरी समेत दक्षिण हरियाणा में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है। बदमाश रंगदारी मांग रहे हैं, जबकि लोगों की सुरक्षा की कमान संभालने वाले पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश के हर गांव और वार्ड में जाकर जनता की जरूरत की बातें कर रही है। आम आदमी चाहता है कि उसे 24 घंटे और मुफ्त बिजली मिले और गरीब के बच्चे को शिक्षा मिल सके। जनता को अपने बच्चों के लिए अच्छे स्कूल चाहिए ताकि शिक्षित होकर कामयाब हो जाए, लेकिन हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों को बर्बाद कर दिया है।
अनुराग ने कहा कि आम आदमी की समस्या को केवल आम आदमी पार्टी ही समझ सकती है। इस अवसर पर राकेश चांदवास, सत्यनारायण यादव, जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू, महिला विंग उपाध्यक्ष उषा रानी, अनीता रानी आदि मौजूद रहे।