बौंदकलां। लांबा गांव स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने गीता महोत्सव कार्यक्रम के तहत आयोजित जिलास्तरीय संवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर होनहार छात्राओं को स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
मुख्य अध्यापक कमल सिंह ने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में सभी राजकीय और निजी विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट की मौजूदगी में हुई। अंत में उन्होंने विजेताओं की हौसलाफजाई की। इस अवसर पर संस्कृत अध्यापिका डाॅ. सुमन फोगाट, मनोज, धर्मेंद्र, राजेश रानी, सीमा व कंवरपाल आदि ने भी छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। वहीं, विजेता छात्राओं को जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट, खंड शिक्षा अधिकारी राजबाला फोगाट, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नवीन नारा, डाॅ. सतीश साहू, अध्यापक संघ के प्रधान अनिल फोगाट ने बधाई दी।
शिक्षक क्षमता विकास कार्यशाला में लिया भाग
बाढड़ा। गांव चांदवास निवासी डॉ.भूपेंद्र शर्मा ने कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित एक दिवसीय रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभागीय शिक्षक क्षमता विकास कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला में आयुष विवि कुरुक्षेत्र से संबंधित संस्थानों के रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यशाला में कुलपति प्रोफेसर करतार सिंह धीमान, डीन डॉ. जितेश, रस शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विदुषी ने डॉ. भूपेंद्र शर्मा चांदवास को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यशाला आयोजित करने का उद्देश्य आयुर्वेद शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में गुणवत्ता की वृद्धि करना है। कार्यशाला में शिक्षा व चिकित्सा की दृष्टि से शिक्षक, चिकित्सक की सफल भूमिका पर मंथन हुआ।