बाढड़ा। बिजली निगम की टीम ने क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर बिजली चोरों पर एक लाख 50 हजार का जुर्माना लगाया है। गत एक माह में लगभग दस लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ रामसिंह ने बताया कि लाइन लॉस को कम करने के लिए पुरानी आपूर्ति लाइनों का नवीनीकरण किया गया है। निगम की ओर से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ो अभियान भी चलाया जा रहा है। निगम की टीम ने अभियान के तहत 60 उपभोक्ताओं को मीटर से बिजली चोरी करते पकड़ा है। टीम ने वीरवार व शुक्रवार को गांव कारीमोद व बाढड़ा में छापेमारी अभियान चलाकर 12 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इन पर एक लाख 50 हजार का जुर्माना लगाया है। इनके अलावा गत सोमवार को अभियान के तहत ढाई लाख का जुर्माना लगाया था। दिसंबर माह में लगभग दस लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।