पुलिस में शिकायत दर्ज कराते डीसीओ तरुण।
चरखी दादरी। गर्भपात के लिए प्रयुक्त होने वाली एमटीपी किट चिकित्सकीय परामर्श के बिना ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही है। इस आरोप की पुष्टि होने पर ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी ने शहर पुलिस थाने में ऑनलाइन वेबसाइट संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
सरकार की ओर से भ्रूण हत्या रोकने के लिए गर्भपात की दवाएं प्रतिबंधित की गईं हैं। हर गर्भवती के अल्ट्रासाउंड जांच का भी रिकॉर्ड रखा जा रहा है। बिना अनुमति गर्भपात कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद ड्रग्स कंट्रोल विभाग को सूचना मिली कि एक वेबसाइट संचालक से ई-कॉमर्स के माध्यम से ऑनलाइन एमटीपी किट मंगवाई जा रहीं हैं।
इसके लिए विभाग की ओर से संबंधित वेबसाइट पर जाकर 20 फरवरी को एक एमटीपी किट मंगाई गई। यह किट बुधवार को दादरी पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. राहुल को नोडल अधिकारी के तौर पर मौके पर बुलाया गया। इस दौरान पार्सल की जांच की गई तो इसमें एमटीपी किट पाई गई। इस वेबसाइट संचालक ने चिकित्सक परामर्श के बिना ही प्रतिबंधित सामग्री पार्सल से भेज दी।