किरण चौधरी बाढड़ा से भाजपा प्रत्याशी उमेद पातुवास का नामांकन करवाने पहुंची
- फोटो : संवाद
चरखी दादरी में राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने तोशाम विधानसभा सीट से कांग्रेस के अनिरूद्ध चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके और श्रुति चौधरी के बीच कोई भाई-बहन का रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता तब होता है जब कोई परिवार का हो, लेकिन दुश्मन पारिवारिक नहीं होते। यह बयान तोशाम में अनिरूद्ध और श्रुति चौधरी के बीच संभावित राजनीतिक मुकाबले को लेकर दिया गया।
भाजपा में टिकट वितरण के बाद नाराजगी की खबरों पर किरण चौधरी ने कहा कि नाराजगी चलती है, लेकिन सब ठीक हो जाता है। उन्होंने मंच सांझा करने पर कहा कि भाजपा को मजबूत करने के लिए वे सांसद धर्मबीर सिंह के साथ एक मंच पर आई हैं।
किरण चौधरी ने यह भी कहा कि तोशाम सीट उनके परिवार, चौ. बंशीलाल और सुरेंद्र सिंह की पारंपरिक सीट है, और श्रुति चौधरी इस बार रिकार्ड वोटों से विजयी होंगी। उन्होंने कांग्रेस के अनिरूद्ध चौधरी और रणबीर महेंद्रा पर हमला करते हुए कहा कि चुनावी मौसम में कुछ लोग आते हैं, लेकिन जनता उन्हें वोट की चोट से जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में रहकर ये लोग पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। किरण चौधरी बाढड़ा कस्बे में भाजपा प्रत्याशी उमेद पातुवास के नामांकन के मौके पर उपस्थित थीं।