चरखी दादरी। सर्वखाप सर्वजातीय पंचायत में दिल्ली के जंतर मंतर पर खिलाड़ियों पर लाठियां फटकारने के विरोध में दिल्ली पुलिस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। पुलिस के रवैये के विरोध में खापों और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का पुतला फूंका। पुतला दहन के बाद एसडीएम नवीन कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञान सौंपा।
बुधवार रात खिलाड़ियों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार के विरोध में फौगाट खाप-19 ने सभी खापों और संगठनों की बाबा स्वामी दयाल धाम पर पंचायत बुलाई। पंचायत में जिले की प्रमुख सभी सातों खापों समेत 20 से अधिक कर्मचारी और जनसंगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। खाप फौगाट-19 प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि सरकार की मिलीभगत से जंतर-मंतर पर न्याय की गुहार लगा रहे पहलवानों के साथ दिल्ली पुलिस दुर्व्यवहार कर रही है। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि मामला दर्ज होने के बाद भी कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही।उन्होंने कहा कि छह मई को महम 24 में सर्वखाप महापंचायत होगी और उसमें लिए गए निर्णय को दादरी के साथ अन्य जिलों में खापें लागू करेंगी।
ज्ञापन में उठाई कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की मांग
खाप पदाधिकारियों ने शहर में प्रदर्शन और पुतला दहन के बाद लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त प्रीति की गैरमौजूदगी में एसडीएम नवीन कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग उठाई गई।
इन खापों ने प्रदर्शन में लिया भाग
वीरवार को को आयोजित सर्वसमाज सर्वखाप पंचायत के बाद किए गए प्रदर्शन में फौगाट खाप, सांगवान खाप, सतगामा खाप, चिड़िया-5, हवेली-12, जाखड़ खाप, श्योराण खाप समेत विभिन्न किसान, कर्मचारी व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।