चरखी दादरी। शहर के स्वामी दयाल भवन पर रविवार को सर्वजातीय फोगाट खाप की पंचायत आयोजित की गई। इसमें खाप प्रतिनिधियों ने अपने अधीन आने वाले गांवों में कमेटी गठित कर डीजे व मृत्युभोज पर प्रतिबंध लगाया। साथ ही प्रदेश में प्रेम व समलैंगिक विवाह और लिव-इन-रिलेशनशिप बंद न होने पर आंदोलन शुरू करने की भी चेतावनी दी।
खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने बताया कि वर्तमान में डीजे की शिकायतें अधिक आ रही हैं। इन पर लोग नाच आदि के साथ गैर सामाजिक गतिविधियां करते हैं। इससे समाज में संस्कारों की कमी आ रही है। युवा पीढ़ी भी अपने मूल्यों को खोकर गलत रास्ते पर जा रही है। इसके लिए उन्होंने अपने अधीन आने वाले गांवों में कमेटी गठित की है।
अब कमेटी अपने गांव में डीजे, विवाह, नशा रोकथाम, मृत्युभोज, आदि गतिविधियों पर नजर रखेगी। इस दौरान अगर कोई खाप नियमों का उल्लंघन करता है और समाज को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से हानि पहुंचाता है तो उसके खिलाफ खाप एक्शन लेगी। जुर्माना के साथ अन्य निर्णय भी पंचायत की मौजूदगी में लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक गांव, गोत्र, गुहांड में शादी करना, प्रेम विवाह करना व लिव-इन-रिलेशनशिप में रहना वर्जित है। लेकिन, सरकार ऐसी प्रथाओं को बढ़ावा दे रही है। इतना ही नहीं, प्रोत्साहन राशि प्रदान कर युवाओं को इसकी ओर खींच रही है। हरियाणा शुरू से ही संस्कारी रहा है। इसमें इस तरह की गतिविधि करना हरियाणवी संस्कृति के साथ खिलवाड़ है। सरकार को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। इस बार भी पत्र लिखकर इन प्रथाओं पर रोक लगाने की गुजारिश की जाएगी। प्रेम विवाह अगर होता है तो इसमें दोनों पक्षों से मां-बाप की अनुमति होनी चाहिए। दूसरी ओर समलैंगिक विवाह व लिव-इन-रिलेशनशिप जैसी प्रथा को पूरी तरह बंद करना चाहिए। इसके साथ ही गांवों में बधाई लेने के लिए आने वाले मंगलामुखी समाज सदस्यों को केवल 1100 रुपये बधाई देने का निर्णय लिया गया। कहा गया कि अगर कोई जबरदस्ती करता है तो इसकी खाप से शिकायत करें।
पंचायत में स्वाति फोगाट को किया सम्मानित
खाप की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में हाल ही में यूपीएससी पास करने वाली गांव मौड़ी निवासी स्वाति फोगाट को सम्मानित किया गया। साथ ही उसकी सफलता के लिए और गांव का नाम रोशन करने के लिए खाप प्रतिनिधियों ने माला पहनाकर स्वागत किया।